
Ujjain Railway Station: उज्जैन रेलवे स्टेशन मासूम बच्चों को छोड़ने का ठिकाना बन गया है। पिछले दो साल में ही तीन महिलाएं अपने चार बच्चों को छोड़कर लापता हो गई। चौंकाने वाली बात है कि स्टेशन और बाहरी परिसर सीसीटीवी से लैस है। इसके बाद भी जीआरपी और आरपीएफ मिलकर इन बच्चों की मां का सुराग नहीं लगा पाई।
2025 की जुलाई में महिला अपने दुधमुंहे बच्चे को राजस्थान के यात्रियों के सुपुर्द कर सामान लेने गई परंतु वापस नहीं लौटी। वहीं आठ दिन पहले प्लेटफॉर्म नंबर-1 के मुसाफिरखाने में दो छोटे बच्चे लावारिस (Abandoned Children) हालत में मिले थे। उन्हें छोड़कर गई महिला का भी अब तक पता नहीं चला है। मंगलवार को इसी प्लेटफॉर्म पर करीब तीन साल का एक और बच्चा अकेला रोता हुआ मिला। आरपीएफ के हेड कांस्टेबल मुकेश जांगीड़ ने बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर परिजनों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला नर्मदा एक्सप्रेस में जाती दिखाई दी है, जबकि बच्चा प्लेटफॉर्म पर ही रह गया। फिलहाल उसके परिजनों का पता नहीं चल पाया है।
आरपीएफ टीआइ नरेन्द्र यादव ने बताया कि मंगलवार को हेड कांस्टेबल मुकेश जांगीड़ प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान नर्मदा एक्सप्रेस रवाना हुई। ट्रेन जाने के बाद प्लेटफॉर्म पर करीब तीन साल का बच्चा रोता हुआ दिखाई दिया। पुलिसकर्मी ने उसके पास जाकर पूछताछ की परंतु बच्चा माता-पिता का नाम और घर का पता नहीं बता सका। इसके बाद उसे आरपीएफ थाने ले जाया गया। स्टेशन परिसर में पूछताछ के बावजूद कोई परिजन सामने नहीं आया। जिसके बाद उसे मातृछाया छोड़ा गया है।
बच्चे के मिलने के बाद आरपीएफ ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक महिला बच्चे से अलग होकर नर्मदा एक्सप्रेस में जाती दिखाई दी। फुटेज के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला कौन है और बच्चे के साथ उसका क्या संबंध है। आसपास के थानों को भी बच्चे की जानकारी भेजी गई है, ताकि उसके परिजनों की पहचान हो सके।
इससे पहले 13 नवंबर की रात प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित पार्सल गोदाम के पास बने मुसाफिरखाने में करीब छह-सात माह का बालक और डेढ़ से दो साल की बच्ची मिली थी। दोनों को एक टेबल पर छोड़कर महिला चली गई थी। जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गुप्ता ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ बच्चों को सुरक्षित क्षित निकालकर मेडिकल परीक्षण कराया और मातृछाया संस्था में सौंपा था। स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में महिला की गतिविधियां सामने आई थीं, लेकिन अब तक उसकी पहचान और बच्चों के परिजनों का पता नहीं चल सका है।
तीन अलग-अलग घटनाओं में चार मासूम बच्चों का स्टेशन पर अकेले मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। जुलाई 2025 में 6 माह के बच्चे को एक महिला राजस्थान से आए दंपती के सुपुर्द कर वॉशरूम जाने का कहकर गई थी, परंतु वह वापस नहीं लौटी। वहीं 13 नवंबर 2026 को दो बच्चों को छोड़कर गई महिला का सुराग भी नहीं मिला, जबकि तीसरे मामले में तीन साल का बच्चा ट्रेन रवाना होने के बाद अकेला मिला। तीनों घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण कड़ी है। अब आरपीएफ और जीआरपी के सामने बच्चों के परिजनों तक पहुंचने की चुनौती है।