
Seed Businessman Dies in Ujjain: कहते है मौत किसी को भी कहीं से भी बुलाकर ले आती है। ऐसा ही कुछ हुआ विशाखापट्टनम के कारोबारी मणिकांत कुट्टी के साथ। जिसने भी उनके हादसे के बारे में सुना वह अपनी अपनी आंखों के आसूं को रोक नहीं पाया। 1400 किलो मीटर से मौत उन्हें बुलाकर ले आई। एमपी के उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन के बाद इंदौर लौट रहे तीन दोस्तों की यात्रा कुछ ही सेकंड में हादसे में बदल गई।
विशाखापट्टनम के कारोबारी मणिकांत कुट्टी (29) की कार दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। खास बात यह है कि मणिकांत को शनिवार रात 9 बजे बेंगलुरु की फ्लाइट पकडऩी थी और इसके लिए वह सुबह ही दोस्तों के साथ उज्जैन आया था।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर 3.30 बजे के बीच चंदेसरा के पास फोरलेन पर कार का टायर अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि टायर के नीचे कोई नुकीली वस्तु आने से टायर क्षतिग्रस्त हुआ और कार अनियंत्रित होकर कई फीट तक लहराती हुई डिवाइडर से टकरा गई। गति तेज होने से पर कार डिवाइडर पर चढ़ गई और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में घायल ओमप्रकाश धाकड़ निवासी इंदौर ने बताया कि वे राइज इंफ्रा प्रालि कंपनी संचालित करते हैं शनिवार को अकाउंटेंट बालकृष्ण धाकड़ और विशाखापट्टनम रहने वाले मित्र मणिकांत के साथ महाकाल दर्शन कर इंदौर लौट रहे थे। मणिकांत पीछे की सीट पर बैठे थे। दुर्घटना के बाद मणिकांत और बालकृष्ण बेहोश हो गए, जबकि ओमप्रकाश को मामूली चोटें आईं। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने तत्काल मदद करते हुए कार के दरवाजे खोलकर घायलों को बाहर निकाला और ए्बुलेंस की सहायता से चरक अस्पताल पहुंचाया।
यहां डॉक्टरों ने मणिकांत को मृत घोषित कर दिया। बालकृष्ण के सिर में चोट आई है और उसका उपचार जारी है। इधर रविवार सुबह मणिकांत के परिजन उज्जैन पहुंचे, जिसके बाद पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिया गया। मणिकांत खाद-बीज के कारोबार से जुड़ा था और व्यावसायिक काम से इंदौर आया हुए थे, उन्हें शनिवार रात 9 बजे की इंदौर से फ्लाइट पकड़नी थी। कार चला रहे बालकृष्ण ने बताया कि टायर फटने के बाद कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई थी और हादसे को टाला नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि कंपनी के मालिक मणि कांत कुट्टी बाबा महाकाल के प्रति गहरी आस्था रखते थे। वे कई वर्षों से नियमित रूप से उज्जैन दर्शन के लिए आते थे।
कुट्टी के पास आईफोन था, जिसमें एसओएस सुविधा ऑन थी। जैसे ही एक्सीडेंट हुआ, कुट्टी के भाई को एसएमएस पहुंच गया। वे रात को ही विशाखापट्टनम से रवाना होकर उज्जैन पहुंच गए। एसओएस से इंदौर के डीलर के परिवार को भी एक्सीडेंट की सूचना मिल गई। सूचना मिलते ही परिजन रात में अस्पताल पहुंच गए।