उज्जैन

गुरुदीक्षा के बाद आधी रात को आश्रम के कमरे में बुलाया, महिला ने खोली महामंडलेश्वर की कथित करतूतों की पोल

Vrindavan Mahamandaleshwar Indradev Maharaj- मुंबई की महिला ने लगाए वृंदावन के महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज पर गंभीर आरोप...। इंद्रदेव उज्जैन में बनवा रहे हैं आश्रम और गौशाला...।
3 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 6:53 PM IST
vrindavan mahamandaleshwar indradev maharaj
vrindavan mahamandaleshwar indradev maharaj- उज्जैन में आश्रम बनवा रहे हैं वृंदावन के इंद्रदेव महाराज । (फोटो इंद्रदेव महाराज फेसबुक)

Vrindavan Mahamandaleshwar Indradev Maharaj- अपने परिवार में सुख-शांति के लिए महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज के संपर्क में आई महिला मुश्किल में पड़ गई। गुरुदीक्षा लेने के बाद उसे आश्रम के कमरे में बुलाया गया और शारीरिक शोषण करते हुए वीडियो भी बना लिया गया। इसके बाद महाराज कई बार वीडियो कॉल कर महिला पर दबाव बनाने लगा था। महिला ने अब बाकी महिलाओं के साथ होने वाली काली करतूतों को उजागर कर दिया। इंद्रदेव महाराज पिछले कुछ समय पहले भी भगवान राम और सीता को लेकर अभद्र टिप्पणी करके विवादों में पड़ चुके हैं।

वृंदावन के महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज इन दिनों विवादों में हैं। उन पर यौन शोषण के आरोप लगे हैं। उज्जैन में उनके खिलाफ महिला के आरोपों के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज उज्जैन में भूखी माता मंदिर रोड पर बड़ा आश्रम और गौशाला बनवा रहे हैं। उन पर मुंबई की एक महिला ने यौन उत्पीड़न, जबरन शारीरिक संबंध बनाने, नग्न अवस्था में वीडियो कॉल करने और बदनामी की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक अप्रैल 2023 में मुंबई के सांताक्रूज क्षेत्र में 7 दिनों का सत्संग कार्यक्रम हुआ था। जिसमें महाराज इंद्रदेव से पहचान हुई थी। इसके बाद बातचीत और मेल मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।

वीडियो कॉल पर करता था डिमांड

महिला का आरोप है कि पारिवारिक सुख के लिए वे प्रवचनों की तलाश कर रही थी और जनवरी 2023 में सोशल मीडिया पर इंद्रदेव के वीडियो देख रही थी। सत्संग के दौरान महाराजजी का नंबर भी मिला था और 13 अप्रैल 2023 को उसने महाराज से गुरु दीक्षा ले ली थी। इसके बाद जून 2024 में महाराज के मोबाइल नंबर से उसके पास वीडियो काल आने लगे। वे नग्न अवस्था में थे और 'गुरुजी की आज्ञा है' कहकर महिला पर भी कपड़े उतारने के लिए दबाव बनाने लगे। 15 से 20 मिनट तक वे अश्लील बातें भी करने लगे। 4 नवंबर 2025 को महिला अपनी छोटी बेटी के साथ वृंदावन स्थित सेवा धाम आश्रम गई तो वहां कमरा बुक कराया गया। रात को 10.30 बजे महाराज ने फोन कर उन्हें अपने कमरे में बुलाया और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 29 नवंबर 2025 को भी इसी तरह से दोबारा कॉल आया।

न्यूजीलैंड की महिला ने भी लगाए आरोप

पीड़िता ने बताया कि इसी तरह आश्रम में उनकी मुलाकात न्यूजीलैंड की एक 60 साल की महिला से मुलाकात हुई थी। व्हाट्सअप कॉल पर बातचीत के दौरान विदेशी महिला ने इस बात का जिक्र किया था कि नाड़ी परीक्षण के बहाने रात 3 बजे महिला को कमरे में बुलाकर गलत व्यवहार करते थे। उसने बताया कि वे कई लड़कियों के साथ ऐसा करते थे। उन्होंने कई ऑडियो रिकार्डिंग भी भेजी थी। इंद्रदेव ने मुंबई की महिला को धमकी भी दी कि वो आडियो रिकार्डिंग का जिक्र कहीं करेंगी तो वे उसे छोड़ेंगे नहीं। अब इस मामले में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर महंत रवींद्र पुरी महाराज कहते हैं कि महामंडलेश्वर इंद्रदेव के खिलाफ FIR की जानकारी मिली है। सभी पंच मिलकर निष्कासन की कार्रवाई करने वाले हैं।

भगवान पर कर चुके हैं टिप्पणी

महामंडलेश्वर पहले भी अभद्र टिप्पणी कर विवादों में आ गए थे। वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थिति श्री राधा किशोरी धाम में रहने वाले महामंडले्र इंद्रदेव महाराज ने रामलीला में माता सीता और भगवान राम के किरदार पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसके बाद श्रद्धालु गुस्सा हो गए थे। महामंडलेश्वर ने कथा के दौरान कहा था कि रामलीला में जो पात्र भगवान राम और माता-सीता का किरदार निभाते हैं, वे सिगरेट शराब पीते हैं। इंद्रदेव यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा था कि हम सबने देखा है जाओ जाकर ब्लाउज खोलकर देख लो, ये सीता नहीं पूरा कुंभकर्ण है। ऐसी बातें कहने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया था और बवाल मच गया था। इसके बाद इंद्रदेव महाराज को अपने बयान पर माघी मांगनी पड़ी थी। उन्होंने बाद में कहा कि जो उन्होंने बचपन में देखा उसे ही लोगों को व्यास पीठ से बता रहे थे, उनका लक्ष्य भगवान का अपमान करना नहीं था और किसी की भावना को भी आहत करना नहीं था।

Updated on:
9 Nov 2026, 6:53 PM IST
Published on: