उमरिया

संवेद स्वर में एक साथ 108 बटुकों ने किया गीता का पाठ

गीता जयंती पर अलग-अलग जगहों में गीता महोत्सव कार्यक्रम आयोजित

2 min read
Dec 12, 2024
गीता जयंती पर अलग-अलग जगहों में गीता महोत्सव कार्यक्रम आयोजित

प्रदेश सरकार एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ जिला मुख्यालय उमरिया तथा नगर पालिका परिषद उमरिया, नगर परिषद चंदिया, नगर परिषद नौरोजाबाद तथा नगर पालिका परिषद पाली में गीता जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें बडी संख्या में लोगों ने भाग लिया। साथ ही प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिले भर में देखा एवं सुना गया। गीता जयंती पर जिला मुख्यालय उमरिया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव कार्यक्रम जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग तथा नगर पालिका उमरिया के संयुक्त तत्वाधान में सामुदायिक भवन उमरिया में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बटुकों ने मंगलाचरण के साथ किया। कार्यक्रम के अतिथि विधायक बांधवगढ़ शिवनारायण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल, कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, केके पांडे, नगर पालिका उपाध्यक्ष अमृतलाल यादव, पार्षद सुजीत भदौरिया, सविता सोधियां, शंभू लाल खट्टर, मंगल सिंह, मुकेश सिंह, दिनेश पांडे, संजय तिवारी ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर धमेन्द्र व्दिवेदी के दल ने गीता आरती तथा स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। सोहन चैधरी के दल ने भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर गीता के तीसरे अध्याय कर्मयोग का छपरौड़ आश्रम से आए 108 बटुकों ने एक साथ संवेद स्वर में गीता का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह ने कहा कि गीता जयंती जन जागरण का पर्व है। धीरे-धीरे समाज गीता को भूलता जा रहा था। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल से पूरे प्रदेश में एक साथ गीता जयंती का आयोजन कर जन जागरण का जो कार्य प्रारंभ किया गया है, वह सराहनीय प्रयास है। गीता के संदेश के माध्यम से जीवन शैली में यथार्थ का समावेश होता है जो हमें जीवन मार्ग को प्रशस्त करने में निर्णायक भूमिका अदा करता है।
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि गीता से कर्म की शिक्षा के साथ ही ज्ञान एवं योग का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने बताया कि भगवान कृष्ण ने कहा था कि कर्म करो फल की चिंता मत करो। जीवन में जो भी होगा अच्छा ही होगा।
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल ने कहा कि गीता कर्म भक्ति ज्ञान एवं योग का समागम है। प्रदेश सरकार की इस पहल से समाज में सकारात्मक सोच बनेगी और नकारात्मकता का अंत होगा। लोग कर्म पर विश्वास करके आगे बढ़ेगे जिससे प्रदेश एवं देश के विकास को नए अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष अमृतलाल यादव ने भी विचार व्यक्त किए।

Published on:
12 Dec 2024 04:10 pm
Also Read
View All

अगली खबर