उमरिया

48 हैंडपंप व बंद पड़ी नलजल योजनाओं को कराया चालू

विभागीय अधिकारियों ने दल गठित कर पंचायतों का औचक निरीक्षण किया
2 min read
• •
Updated: 22 Apr 2018, 5:56 PM IST
48 handpumps and closed drainage schemes started
48 handpumps and closed drainage schemes started

उमरिया. मानपुर विकासखण्ड के विभिन्न ग्राम पंचायतों से पीने के पानी की समस्यां संबंधित जानकारी कलेक्टर माल सिंह को प्राप्त हुई थी, जिसके निराकरण के लिए कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम के नेतृत्व में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय, जिला आपूर्ति अधिकारी सीईओ जनपद, उप संचालक कृषि, डीपीओ , सशक्तिकरण अधिकारी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारियो ंने दल गठित कर प्रात: 9 बजे से पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों ने जहां भी हैण्डपंप एवं नल जल योजना बंद होना बताया वहां मौके पर चालू कराया। भ्रमण के दौरान वाहन में मोटर पंप, हैण्डपंप, राइजर पाइप, चैन सहित पूरे मैकेनिक साथ मे रहें, जिनके माध्यम से जहां राइजर पाइप बढ़ाने की जरूरत थी, वहां पाइप बढाकर हैण्डपंप चालू कराया गया। वही मोटर आदि के कारण जो नल जल योजना बंद थी वहां मोटर डलवाया गया। भ्रमण के दौरान कई स्थानों मे पाया गया कि नल जल योजना का मोटर चल रहा है लेकिन पाइप लाइन टूट फूट होने के कारण हर घर को पानी नही पहुंच रहा है। सरपंच सचिवों के पास इसके सुधार हेतु पर्याप्त राशि भी उपलब्ध है, उन्हें ऐसे नल जल योजनाओं में तीन दिवस के अंदर नया पाइप डालकर पानी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गये है। कलेक्टर माल सिंह दल ने आज सेमरा, परासी, अमलिहा, लखनौटी, अपर कलेक्टर जी एस धुर्वे के दल ने उजान, सेहराटोला, कछराटोला, बेल्दी, चेचरिया, रथेली तथा एसडीएम अनुराग सिंह के दल ने रक्सा, बडार, कठार, कछुआ, मझखेता, बडखेडा, समरकोइनी , हिरौनी, बिजौरी, डोंडका, भमरहा आदि ग्रामों का भ्रमण किया जहां पीने के पानी के अलावा मध्यान्ह भोजन, स्कूल में छात्र शिक्षकों की उपस्थिति, आंगनबाडी केंद्रों में पोषण आहार, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय की स्थिति, भावांतर भुगतान योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री असंगठित मजदूरों के पंजीयन की स्थिति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान, मजदूरी का भुगतान, निर्माण कार्यो की स्थिति, बाल विवाह रोकने की समझाइश, लाडली लक्ष्मी योजना सहित ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं से हितग्राहियो के लाभ प्राप्त करने के संबंध में विस्तृत चर्चा दल द्वारा की गई और जहां भी कमियां बताई गई उनका निराकरण उपस्थित जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारियों से मौके पर कराया गया। बीमारियो से बचाव हेतु दल के साथ मेडिकल टीम दवाईयों के साथ उपस्थित रही। ग्रामीणों को ओआरएस के दो दो पैकेट के अलावा जीवन रक्षक दवाईयां भी निशुल्क रूप से वितरित करते हुए ग्रामीणों को समझाइश दी गई है कि उल्टी दस्त के समय ओ आर एस का घोल अनिवार्य रूप से पीऐं। भ्रमण के दौरान कई स्थानों में ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी भी ग्रामीणों ने दी जहां उपस्थित बिजली विभाग के अधिकारियों को कलेक्टर माल सिंह ने मौके पर निर्देश दिया कि तीन दिवस के अंदर बिगडे ट्रांसफार्मर लगवाये अन्यथा शिकायत मिली तो कार्यवाही की जाएगी। ्रग्रामीण भ्रमण के दौरान राजस्व संबंधित प्रकरणों के भी निराकरण मौके पर कराये गये है वहीं जिन ग्रामीणों द्वारा शासकीय भूमि पर मकान बना लिया गया है और वे भूमिहीन है उन्हें पट््टा देने के निर्देश कलेक्टर ने दिया है। फौती नामांतरण, सीमांकन, अविवादित, बंटनवारा के भी प्रकरण सामने आए है जिन्हें कलेक्टर ने पटवारी, आर आई को प्रकरणों का निराकरण तहसीलदार के माध्यम से कराने के निर्देश दिए।

Published on: