
Johila Dam 3 Gates Open (जोहिला डैम के 3 गेट खुले Photo Source- Input)
Umaria News : मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते जहां एक तरफ लगभग सभी निचले इलाकों में जल भराव के हालात हैं। तो वहीं, दूसरी तरफ सभी नदी नाले उफान पर हैं। लगातार जारी बारिश के चलते जोहिला डैम का जलस्तर बढ़ने के कारण जिला परशासन की ओर से डैम के तीन गेट खोले गए हैं। बता दें कि, डैम के तीनों गेटों 2-2 मीटर तक खोला गया है, जिससे कुल 6 मीटर तक पानी निकासी की जा रही है।
डैम से पानी छोड़े जाने के बाद आसपास के नदी - नालों में जलस्तर और भी ज्यादा बढ़ने लगा है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन की ओर से लोगों को नदी के आसपास वाले इलाकों के साथ - साथ जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
आपको बता दें कि, जिलेभर में बीते 24 घंटों के दौरान औसतन 61.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। सबसे अधिक बारिश चंदिया तहसील में 86.2 मि.मी दर्ज हुई है। लगातार बारिश के चलते जिले के कई नदी - नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। वहीं, जोहिला डैम में पानी की आवक बढ़ने के बाद तीन गेट खोले जाने से जल निकासी की जा रही है। बारिश का दौर जारी रहने पर डैम के जलस्तर और गेटों की स्थिति में बदलाव हो सकता है।
जिले में एक जून से 19 अगस्त तक कुल 757.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। तहसील वार आंकड़ों पर नजर डालें तो बांधवगढ़ में 991 मि.मी बारिश हुई है तो वहीं, मानपुर में 648.9 मिमी, पाली में 778 मिमी, नौरोजाबाद में 745.2 मिमी, चंदिया में 704.8 मिमी, करकेली में 870 मिमी तथा बिलासपुर में 565 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
मौजूदा हालात पर नजर डालें तो जिलेभर में हर तरह बाढ़ के हालात हैं। बावजूद इसके ये आंकड़ा पिछले साल हुई बारिश के मुकाबले अब भी कम है। पिछले साल इसी अवधि में जिलेभर में कुल 953.7 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, जिले की वार्षिक सामान्य बारिश 1215.7 मिमी है। ऐसे में मानसून के आगामी दिनों में सक्रिय रहने पर बारिश का आंकड़ा सामान्य वर्षा के करीब पहुंचने के आसार हैं।
Updated on:
20 Aug 2026 08:49 am
Published on:
20 Aug 2026 08:44 am
