
उमरिया. आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जुआं एक्ट के तहत कार्यवाही की है। बताया जाता है कि यह दोनों आरोपी कलेक्ट्रेट कार्यालय के चंद कदम की दूरी पर स्थित तेंदूपत्ता कार्यालय के करीब कई मोबाइलों को साथ लेकर आईपीएल मैच के प्रत्येक बाल, रन और विकेट पर हार जीत का दांव लगा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। जिसके बाद ये दोनों आरोपी राजा उर्फ पुरुषोत्तम फुलवानी पिता स्व. खुशहाल दास सोनवानी एवं हेमन्त उर्फ सोनू भगदेव पिता गोपीराम भगदेव को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों के पास से पुलिस ने पांच नग मोबाइल सहित दोपहिया वाहन जब्त किया है। सवाल यह उठता है कि यह दोनों आरोपी किसके सहयोग से आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहे थे, यह जांच का विषय है। माना जा रहा है कि आईपीएल मैचों पर लग रहे सट्टे में कई स्थानीय सहित दूसरे जिले के सफेदपोशों का भी हाथ शामिल है। पुलिस अब इन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच के दौरान अवैध रूप से खेले जा रहे इस कारोबार में शामिल कई और चेहरों को भी बेनकाब कर सकती है। बुधवार की देर रात पुलिसिया कार्यवाही में यह तो साफ हो गया है कि जिले में आईपीएल मैचों पर बेधडक़ अवैध कारोबारी सट्टे का बाजार गर्म कर युवाओं को गुमराह कर मोटी रकम का वारा न्यारा कर रहे है। जिले में इसके अलावा भी कई क्षेत्रों में चोरी चुपके आईपीएल मैचों पर अवैध कारोबारी सट्टे लगवा रहे है। जरूरी है कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों को चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। देर रात की गई इस कार्यवाही को लेकर थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि मामले में शामिल दोनों आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही की गयी है। माना जा रहा है कि आईपीएल मैचों पर लग रहे सट्टे में कई स्थानीय सहित दूसरे जिले के सफेदपोशों का भी हाथ शामिल है।