भीषण गर्मी में एक कुएं के भरोसे छोटी तुम्मी के लोग, नल-जल योजना का नहीं मिल रहा लाभ
इन दिनों छोटी तुम्मी के ग्रामीण भीषण जल समस्या से जूझ रहे हैं। पाली जनपद के ग्राम छोटी तुम्मी के कन्या टोला के ग्रामीणों का कहना है कि अगर पानी की समस्या दूर नहीं हुई तो इस बार हम वोट नहीं डालेंगे। सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि ने समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन किसी ने भी पानी की समस्या को दूर करने के प्रति सकारात्मकता नहीं दिखाई। छोटी तुम्मी के शिक्षक गनपत सिंह का कहना है कि क्षेत्र में पानी की भीषण समस्या है जिनका समाधान नहीं हो पा रहा है। कन्या टोला की सुमन देवी कहती हैं कि चुनाव के समय प्रत्याशी पानी की समस्या को दूर करने की बात कहते हैं लेकिन जीतने के बाद कोई समाधान नहीं करता है।
गर्मी में लगातार नीचे जा रहा भू-जल स्तर
ग्रामीण बुधिया बाई ने जानकारी देते हुए कहा कि हमारे गांव में दो कुएं, तीन हैंडपंप हैं जो सालों से बिगड़े हैं। वहीं पहाड़ के नीचे एक ही कुआं है जिससे सभी ग्रामीण निस्तार करते हैं। नल जल योजना का लाभ आज तक नहीं मिला है। गांव में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एक मात्र कुआं ही है जिससे भू-जल स्तर गिरने से कम पानी निकल रहा है। गांव की कुएं भी सूख गए हैं। छोटी तुम्मी गांव को जोडऩे वाली सड़क भी जर्जर हो गई है।