जिले भर में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व
हमारे भारत देश में धार्मिक व संस्कृति पर्व रक्षाबंधन का बहुत बड़ा महत्व है। इस पर्व में भाई-बहनों का एक-दूसरे के प्रति स्नेह छलक पड़ता है। बहनें उत्साह पूर्वक भाइयों की कलाई में रक्षासूत्र बांधते हुए जहाँ उनके दीर्घायु होने का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। वहीं भाई आत्मिक रूप से बहनों की आजीवन रक्षा करने का संकल्प लेते हैं। भाई बहनों के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व सोमवार को जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। इस दिन बहनों ने अपने भाईयों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर अपनी सुरक्षा का वचन लिया। रक्षाबंधन पर्व को लेकर बहनों में उत्साह का वातावरण देखा गया। बाजार में जगह जगह राखियों की दुकाने सजाई गई थी जहां पर बड़ी संख्या में बहनें पहुंचकर अपनी मन पसंद अनुसार राखियों को खरीदा। छोटे छोटे बच्चे कार्टून वाली राखियां पहनकर बेहद खुश दिख रहे थे।
रक्षा बंधन के पावन पवित्र पर्व में स्थानीय शांति मार्ग स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एराजयोग मेडिटेशन केन्द्र ब्रह्माकुमारी आश्रम की केन्द्र प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी दीदी व उनकी सहयोगी बीएकेएरिया बहन ने कलेक्टर निवास पहुँच कलेक्टर भ्राता श्री जैन व उनकी वयोवृद्ध माता श्री को भी रक्षा सूत्र बांधते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर उनका मुख मीठा कराया। इसके बाद अपर कलेक्टर भ्राता शिव गोविंद सिंह मरकाम व उनके सुपुत्र को भी रक्षा सूत्र बांध मुख मीठा कराया गया। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र की पुलिस अधीक्षक प्रतिमा पटेल व टीआई एसआई के साथ सैकड़ों की तादात में उपस्थित सैनिक भाइयों की कलाई में रक्षा सूत्र बांध उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें व्यसन मुक्ति, तनाव मुक्त व क्रोध मुक्त रहने की जानकारी देते हुए नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया।
जेल में परिरूद्ध बंदियों को बहनों ने बांधी राखी
जेल अधीक्षक डीके सारस ने बताया कि पवित्र माह श्रावण सोमवार पूर्णिमा रक्षाबंधन के अवसर में जेल में परिरूद्ध 196 बंदी एवं 5 महिला बंदियों को राखी बांधने की समुचित व्यवस्था जेल प्रशासन ने की थी। इस अनुक्रम में लगभग 110 बंदी ने अपनी बहनों से राखी बंधवाई। वहीं 1 महिला बंदी जेल परिसर में ही अपने भाई को राखी बांधा। इसके लिए जेल प्रशासन ने चावल, हल्दी, कुमकुम, थाली की व्यवस्था भी की थी। इस अवसर पर ब्रम्हाकुमारी आश्रम से बीके निशा बहन एवं श्यामलाल मानसी महिला समिति से ममता डोंगरे एवं पुष्पा श्यामकर तथा हार्टफुलनेस संस्था से प्रणाली पिसे एवं थाना पाली से उप निरीक्षक सरिता ठाकुर जेल में उपस्थित होकर ऐसे बंदी जिनकी बहने मुलाकात में नहीं आ सकी थी उन्हें राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व का महत्व बताया। पुलिस प्रशासन ने जेल में भीड़ को नियंत्रित कर जेल के नियमों का पालन कराते हुए बहनों को जेल परिसर में परिचय पत्र के साथ प्रवेश दिलाया। उल्लेखनीय है कि जिला जेल परिसर में आई हुई समस्त बहनों की मुलाकात कराई गई तथा जिन बंदियों की बहने नहीं आ पाई उनके हाथों में सामाजिक संस्था की बहनों ने राखी बांधी।