उमरिया

कलेक्टर ने कहा- धान को बारिश से सुरक्षित रखने करें पुख्ता इंतजाम, तेज गति से कराएं परिवहन

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र करकेली एवं कछराटोला का किया निरीक्षण

2 min read
Dec 30, 2024
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र करकेली एवं कछराटोला का किया निरीक्षण

उमरिया जिले में गत दिवस हुई बारिश से धान गीली होने की खबर को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति करकेली एवं सेवा सहकारी समिति मर्यादित ददरौडी केंद्र स्थल कछराटोला का औचक निरीक्षण किया।
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति करकेली के निरीक्षण के दौरान 5400 क्विंटल धान खरीदी केंद्र में रखी पाई गई। अभी तक 146 किसानों से 7386 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। धान खरीदी स्थल में 18100 बारदाने उपलब्ध है। उपयोग किए गए बारदानों की संख्या 5648 है। स्लॉट बुकिंग की संख्या 202 है।
इसी तरह सेवा सहकारी समिति मर्यादित ददरौडी केंद्र स्थल कछराटोला के निरीक्षण के दौरान प्रबंधक अनुज गौतम ने बताया कि अब तक 27483.6 क्विंटल धान की खऱीदी की गई है। प्राप्त बारदानों की संख्या 59150 है। उपयोग किए गए बारदानों की संख्या 17657 है। धान खरीदी केंद्र के बाहर करीब 20 हजार क्विटल धान पड़ी हुई है। कलेक्टर ने कहा कि ट्रक लगाकर धान का परिवहन कराएं। इसके साथ ही आगामी दिनों में धान बारिश से बची रहे, इसका इंतजाम किए जाएं। उपार्जित धान का परिवहन शीघ्रता से किया जाए तथा किसानों का पेमेंट भी जल्द कराया जाए।
अधिक से अधिक वाहन लगाए जाएं
समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान को असमायिक वर्षा से बचाव एवं सुरक्षित भण्डारण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हंै जिसमे उपार्जन केन्द्रों पर भण्डारित धान का शीघ्रता से परिवहन कराकर मिलर्स को प्रदाय और गोदामों में भण्डारण कराया जाए। धान परिवहन के लिए अधिक से अधिक वाहन लगाए जाएं एवं आवश्यक हो तो वाहनों का अधिग्रहण कर धान का परिवहन कराया जाए। समितियों के माध्यम से तिरपाल की व्यवस्था कर धान को कवर किया जाए। गोदाम स्तरीय उपार्जन केन्द्र पर खुले में भण्डारित धान को सहकारी समितियों के माध्यम से गोदाम में धान की स्टेकिंग कराई जाए। मिलर्स द्वारा अनुबंधित धान की मात्रा का उठाव शीघ्रता से कराया जाए तथा अनुबंध न करने वाले मिलर्स से भी शीघ्रता से अनुबंध कराकर धान का उठाव कराया जाए।
तीन दिन स्थगित रहेगा धान का उपार्जन कार्य
आगामी दिवसों में वर्षा की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए उपार्जन केन्द्रों पर उपलब्ध धान के सुरक्षित भण्डारण के लिए 30, 31 दिसम्बर एवं 1 जनवरी को समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन कार्य स्थगित किया गया है। इस अवधि में धान विक्रय करने के लिए जिन किसानों द्वारा स्लॉट बुक किया गया है, उनके स्लॉट की वैधता अवधि 5 कार्य दिवस बढ़ाई गई है। इसकी सूचना एस एम एस के माध्यम से किसानों को दी जा रही है। 2 जनवरी नियमित रूप से धान का उपार्जन किया जा सकेगा। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय का अवसर देने के लिए उपार्जन की अंतिम तिथि 20 जनवरी से बढ़ाकर 23 जनवरी तक की गई है।

Published on:
30 Dec 2024 03:57 pm
Also Read
View All

अगली खबर