उमरिया

नपा अध्यक्ष ने अधिकारियों को दी चेतावनी, कहा- जल आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही बरती तो होगी कार्रवाई

नपा अध्यक्ष ने किया जल शोधन संयंत्र एवं जल वितरण व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

less than 1 minute read
Jan 06, 2026
नपा अध्यक्ष ने किया जल शोधन संयंत्र एवं जल वितरण व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि सिंह ने खलेसर स्थित जल शोधन संयंत्र एवं जल वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी किशन सिंह ठाकुर एवं उपयंत्री देवकुमार गुप्ता उपस्थित रहे। निरीक्षण के समय जल शोधन प्रक्रिया, संयंत्र में स्थापित मशीनों की कार्यशीलता, जल गुणवत्ता, जल टंकियों की स्थिति तथा नगर की पाइपलाइन वितरण व्यवस्था का गहन अवलोकन किया गया।


नगर पालिका अध्यक्ष ने इंदौर नगर निगम क्षेत्र में दूषित जल वितरण के कारण हुई जनहानि पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से सबक लेते हुए उमरिया नगर पालिका क्षेत्र में किसी भी स्थिति में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगरवासियों को शुद्ध, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाए। जल शोधन संयंत्र के नियमित रख-रखाव, जल गुणवत्ता की समय-समय पर अनिवार्य जांच, जल टंकियों की नियमित सफाई एवं सैनिटाइजेशन तथा पाइपलाइन में संभावित लीकेज की त्वरित मरम्मत के निर्देश दिए गए। नगर पालिका अध्यक्ष ने जल वितरण की निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने एवं नागरिकों की जल संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।


उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि जल का सदुपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की जल संबंधी समस्या या संदूषण की आशंका होने पर तत्काल नगर पालिका कार्यालय को सूचित करें।

Also Read
View All

अगली खबर