
उमरिया. अप्रैल माह से करीब आधा गुजर चुका है और इसी के साथ गर्मी ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान 40 डिग्री को छूने को अमादा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 38.2 और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिसे पर पहुंच गया। पिछले दिनों बादल छाने और हल्की बारिश होने से गर्मी से काफी निजात मिली थी, लेकिन एक बार फिर मौसम के साफ होते ही तापमान तेजी से ऊपर पहुंच गया है। इसी के साथ लू के थपेड़ों ने भी लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है।
जहां गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है वहीं लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। बाजार में कूलर, फ्रिज व पंखे से लेकर टोपी, गमछा सहित शीतल पेय पदार्थों का उपयोग भी कर रहे हैं। जहां लोग गर्मी में फ्रिज के पानी का अधिक उपयोग करते हैं वहीं मिट्टी के मटकों की मांग भी बढ़ गई है। जिसे देशी फ्रिज भी कहा जाता है। बाजार में ग्राहकों की सुविधा के हिसाब से टोटी वाले मटके, साधारण मटके, सुराही आदि की खूब बिक्री हो रही है।
गर्मी के बढ़ते ही जिला अस्पताल में उल्टी, दस्त, बुखार से पीडि़त मरीजों की संख्या अचानक से बढ़ गई है।
वहीं स्वास्थ्य विभाग ने इस मौसमी बीमारी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ उमेश नामदेव ने आम जनता को लू-तापघात व गर्मी में होने वाली बीमारियों से बचाव की सलाह दी है। इससे बचाव के लिए गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कपड़ों का प्रयोग करें।
बिना भोजन किये बाहर न निकले, भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकले, गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढक ही धाूप में निकले, रंगीन चश्में व छतरी का प्रयोग करें, गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पिएं एवं पेय पदार्थो का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें। जहां तक सम्भव हो ज्यादा समय तक धूप में खड़ें होकर व्यायाम, मेहनत अन्य कार्य न करें।
लू लगे तो ऐसा करें
बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति लू-तापघात से प्रभावित होता है, तो रोगी को तुरंत छायादार जगह पर कपड़ें ढीले कर लिटा दें एवं हवा करें, रोगी को होश में आने की दशा में प्याज का रस अथवा जौं का आटा भी ताप नियंत्रण के लिए मला जा सकता है। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए यदि संभव हो तो उसे ठण्डे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठण्डे पानी की पट्टियां रखकर पूरे शरीर को ढक दें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएं जब तक कि शरीर का ताप कम नहीं हो जाता है और यदि इन तरीकों से आराम नहीं मिलता है तो तत्काल निकट की चिकित्सा संस्था में ले जाएं।