13044 किसानों को दी जायेगी प्रोत्साहन राशि
उमरिया. प्रदेश के मुख्यमंत्री 23 अप्रैल को उमरिया आयेंगे। मुख्यमंत्री के उमरिया भ्रमण की पूर्व तैयारी बैठक कलेक्टर माल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कलेक्टर ने वाहन पार्किग, टेंट, कुर्सी, शामियाना, सुरक्षा , पेयजल , बैरीकेटिंग, साफ सफाई व बैठक व्यवस्था आदि के संबंध में अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन के निर्देश दिए। बैठक में वनमण्डलाधिकारी एम एस भगदिया ने बताया कि 64 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों को 14 करोड 75 लाख रुपये की राशि वितरित की जाएगी। इस दौरान संग्राहकों को एक जोड़ी जूता चप्पल एवं महिला को साड़ी, पानी की कुप्पी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आयोजित कार्यक्रम में अन्य हितग्राहियों को भी लाभान्वित करेंगे। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री हितग्राहियों को चरण पादुका योजना के तहत जूता चप्पल, साडी, पीने के पानी की कुप्पी एवं बोनस राशि का वितरण प्रदेश में उमरिया जिले से शुरू करेंगे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जी एस धुर्वे, एसडीएम बांधवगढ़ ऋषि पवार, एसडीएम मानपुर अनुराग सिंह, जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे, खनिज अधिकारी आर के पाण्डेय उपस्थित रहे।
उमरिया. जिले में गेहूं, चना, मसूर और सरसों की उत्पादकता को बढ़वा देने के लिये राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना लागू की गई है। योजना के क्रियान्वयन से फसल उत्पादकता में बढ़ोत्तरी होगी और 5 वर्ष में किसानों की आय दोगुनी किये जाने की दिशा में एक ठोस प्रयास होगा। प्रदेश में फसलों की उत्पादकता को बढ़ाने के लिये राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, राष्ट्रीय तिलहन मिशन के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों को क्रियान्वित किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों के बीच नवीन किस्मों के बीजों का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से किसानों को फेयर एवरेज क्वालिटी (एफएक्यू) गुणवत्ता के उत्पादन को प्रोत्साहित करना भी है। राज्य शासन ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में रबी एवं खरीफ 2017-18 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं एव ंधान उपार्जित करने वाले किसानों को 265 रुपये प्रति क्विंटल की राशि पात्र किसानों के बैंक खातों में जमा की जायेगी। किसानों द्वारा 15 मार्च से 26 मई तक कृषि उपज मण्डी में गेहूँ बेचे जाने पर 265 रुपये प्रति क्ंिवटल की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। कृषि उत्पाद मण्डी में न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे अथवा न्यूनतम समर्थन मूल्य से ऊपर गेहूँ बेचा गया हो, दोनों ही स्थिति में कृषक समृद्धि योजना का लाभ पंजीकृत किसान को दिया जायेगा। जिले में 13044 किसानों को खरीफ में धान एवं रबी में गेहूं के उपार्जन पर 200-200 रूपये प्रति क्ंिवटल बोनस के रूप में 16 अप्रैल को संबंधित किसानों के खाते में डाला जाएगा। कलेक्टर माल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शाजापुर जिले से किसान सम्मेलन को संबोधित करेगे। जिले में किसान सम्मेलन स्टेडियम ग्राउण्ड में 16 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा।