
उन्नाव. जनपद में 69 गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर देशभक्ति की गीतों के बीच रंगारंग कार्यक्रम का प्रदर्शन किया जा रहा है। रंग-बिरंगे परिधानों में पुलिस के जवानों का मार्च पास्ट कार्यक्रम को कुछ अलग ही रूप दे रहा था। पुलिस लाइन में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड की भव्यता व पुलिस जवानों के कदम ताल लोगों को अपनी ओर बरबस आकर्षित कर रहे थे। वर्तमान पुलिस अधीक्षक सहित उनकी टीम की की भूरि-भूरि प्रशंसा करते लोग नहीं थक रहे थे। मंच के सामने बनाई गई रंगोली, पुलिस जवानों का परेड उनके द्वारा की गई फायरिंग, फायर ब्रिगेड के जवानों द्वारा पानी से तिरंगे का बनाना आदि लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र था। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न हिस्सों में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया।
शहीद अरविंद कुमार विमल को किया गया याद
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज जनपद देशभक्ति के जज्बे में डूबा रहा। वही इस मौके पर भारत-बांग्लादेश सीमा पर शहीद हुए BSF के जवान अरविंद कुमार विमल को नम आंखों से याद किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस जवानों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में विशिष्ट पुलिस सेवा मेडल से क्षेत्राधिकारी स्वतंत्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सफीपुर कुंवर बहादुर सिंह, प्रशिक्षणधीन क्षेत्राधिकारी परेड कमांडर प्रथम रुचि गुप्ता, अशोक सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक शिवगोपाल, सुशील कुमार, आरक्षी हिमांशु यादव, आरक्षी प्रभात कुमार, आरक्षी सूरज सोनकर, आरक्षी अशोक कुमार सेन, आरक्षी रामबरन सिंह लाल सिंह, मनोज कुमार, आरक्षी चालक संदीप सिंह, आरक्षी शिवनाथ, आरक्षी चालक रविंद्र सिंह, आरक्षी संतोष कुमार सिंह, आरक्षी योगेंद्र सिंह, उप निरीक्षक केशवचंद्र, आरक्षी पाल सिंह, निरीक्षक राजेश सिंह, उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह को सम्मानित किया गया।
क्षेत्राधिकारी सफीपुर कुंवर बहादुर सिंह को माखी थाना क्षेत्र अंतर्गत एससी एसटी एक्ट विवेचना के दौरान खुलासा करने पर पुरस्कृत किया गया। उन्होंने अपहर्ता कुमारी अनुष्ठा की गुप्त हत्या का अनावरण किया था। अभियोग के वादी हत्यारे पिता राम कुमार को जेल भेजा गया। इसके लिए सफीपुर क्षेत्राधिकारी कुंवर बहादुर सिंह को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सिविल लाइन स्थित 57 यूपी NCC बटालियन कार्यालय में गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस मौके पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने झंडारोहण किया। समारोह में अन्य लोगों के अलावा डॉक्टर राहुल सिंह भी मौजूद थे।