
Unnao Man Dies In Lucknow: उन्नाव में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल अधेड़ की उपचार के दौरान मौत के बाद मामला बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक अनिल सिंह ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अभी तो सरकार नहीं बनी है तब यह हाल है। अब सांसद साक्षी महाराज पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जा रहे हैं। घटना जातिवाद को लेकर तूल पकड़ रहा है। नेताओं की भाषा पर गौर किया जाए तो यह घटना लोधी और यादव के बीच का है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर खुर्द मवई में मारपीट की घटना में रामस्वरूप लोधी गंभीर रूप से घायल हो गया। 21 सितंबर को हुई मारपीट की घटना में घायल रामस्वरूप को उपचार के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां जीवन मृत्यु से संघर्ष करते हुए अंतिम सांस ली। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और समर्थकों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
पुरवा विधायक अनिल सिंह मौके पर पहुंचे और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। अनिल सिंह ने कहा कि पुलिस को दोषियों के खिलाफ मुकदमे में सख्त धाराएं बढ़ाने और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने दोषियों के एनकाउंटर की भी चेतावनी दी। विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।
परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक अनिल सिंह ने समाजवादी पार्टी और यादव वर्ग पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके इस बयान के बाद इलाके में सियासी हलचल तेज हो गई है।
जमीन विवाद और बारिश के पानी को निकलने को लेकर हुई पंचायत के दौरान जमकर मारपीट हुई थी। इसमें रामस्वरूप लोधी गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। दिवाली से पहले शनिवार को केजीएमयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सांसद और महामंडलेश्वर स्वामी सच्चिदानंद हरि डॉ. साक्षी महाराज के भी पहाड़पुर गांव आने का प्रोग्राम है। 11 नवंबर को पीड़ित परिजनों से मुलाकात करेंगे। साक्षी महाराज के आने की आहट से स्थानीय प्रशासन में सतर्क है। स्थानीय राजनीति में भाजपा और सपा के बीच बयान बाजी का दौर जारी है।