उन्नाव

एक और वायरल वीडियो आया सामने, कार के अंदर कैसे ये चार लोग…

दबंगों को नहीं है कानून और वर्दी का डर, वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा...
2 min read
• •
Updated: 15 Jul 2018, 12:30 PM IST
Driving with wine Viral video Unnao UP news
एक और वायरल वीडियो आया सामने, कार के अंदर कैसे ये चार लोग...

उन्नाव. दबंगों को ना तो कानून का भय है और न ही पुलिस का। स्थिति यह बन गई है कि दबंग आए दिन खुद का वीडियो बनाकर वायरल कर रहे हैं। वायरल वीडियो मैं दबंग शराब की बोतलों के साथ असलहा लहराते हुए मौज मस्ती कर रहे हैं। वायरल वीडियो लोगों के मनों में दहशत पैदा करने वाला है। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच कर संबंधित दबंगों के खिलाफ संगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस संबंध में बातचीत करने पर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। गौरतलब है लगभग एक हफ्ता पूर्व छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें पीड़िता ने सामने आकर गैंगरेप की घटना का खुलासा किया था। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे दबंगों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। परंतु वायरल वीडियो दबंगों की मानसिक स्थिति का बयां करता है कि उन्हें किसी का भी भय नहीं है।

सदर कोतवाली क्षेत्र का बताया गया वायरल वीडियो

वायरल वीडियो में चार युवक शराब पीते हुए दिख रहे हैं। गाड़ी में तेज आवाज में गाना भी बज रहा है और साथ ही वीडियो भी बनाया जा रहा है। मौज मस्ती करते युवक वीडियो में शराब की बोतल और बीयर की केन भी दिखाते हैं। वीडियो में आगे युवक अपने तमंचों का प्रदर्शन भी करते हैं। वीडियो में दो तमंचे सामने आते हैं। वीडियो देखकर कहा जा सकता है कि दबंगों को ना तो कानून का भय है और ना पुलिस का। उन्हें इस बात का भय भी नहीं है की आकस्मिक चेकिंग के दौरान पकड़े जाएंगे तो क्या होगा। या यूं कहा जाए आकस्मिक चेकिंग की उन्हें कोई डर नहीं है। आकस्मिक चेकिंग की फोटो अक्सर थाना प्रभारियों द्वारा व्हाट्सप्प ग्रुप पर डाली जाती हैं। लेकिन कोई भी दबंग अवैध असलहा के साथ निरीक्षण के दौरान नहीं पकड़ा गया। जैसे जैसे वीडियो आगे बढ़ता है। वैसे वैसे दबंग असलहा को लहराते हुए आगे बढ़ते जाते हैं। वायरल वीडियो सदर कोतवाली क्षेत्र का बताया जाता है।


मुकदमा पंजीकृत गिरफ्तारी नहीं हो पाई

अपर पुलिस अधीक्षक नॉर्थ उत्तरी अनूप कुमार ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया है। उन्होंने शहर कोतवाली प्रभारी को वायरल वीडियो की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वीडियो में दिख रहे युवकों के खिलाफ पहचान कर कार्रवाई करने को कहा है। इस संबंध में बातचीत करने पर कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि वीडियो में दिख रहे युवकों के खिलाफ आईटी और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो की भी जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।

Published on: