
Unnao Two Bikes Collision And Blast: उन्नाव में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ। जिसकी आवाज दूर तक सुनाई पड़ी। टक्कर के बाद दोनों बाइक चालक धमाके की चपेट में आ गए। दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। अभी दोनों की पहचान नहीं हुई है। पुलिस ने बताया की मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद उसमें रखें पटाखे के फटने से यह हादसा हुआ है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामला हसनगंज थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के हसनगंज थाना क्षेत्र में दिवाली से पहले बड़ा हादसा हो गया। फरहदपुर में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल पर रखे पटाखों में अचानक आग लग गई और जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक के बाद एक पटाखे फटने लगे। इससे दोनों बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य चलाया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना जबरदस्त था कि दोनों मोटरसाइकिल सवारों के शरीर की ऊपर की खाल उतर गई। दोनों मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए और तड़पने लगे। दोनों की मोटरसाइकिल भी दूर जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनगंज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
हसनगंज थाना पुलिस ने बताया कि एक मोटरसाइकिल पर पटाखे रखा हुआ था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पटाखों में धमाका हो गया। पटाखा फटने से दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें हसनगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। मामले की जांच की जा रही है। बाइक सवारों की पहचान की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखे कहां से लाए जा रहे थे। चर्चा है कि दिवाली के मौके पर पटाखों का प्रयोग होना था। बस्ती से बाहर पटाखा बाजार बनाया गया है चर्चा है कि वहीं से पटाखे खरीद कर मोटरसाइकिल से लाया जा रहा था। यह पटाखा बिक्री के लिए आ रहा था या फिर घरेलू प्रयोग के लिए जांच का विषय है।