Father-daughter suicide case: उन्नाव में पिता-पुत्री के ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। वहीं मृतक के भाई ने अपनी भाभी पर मुस्लिम युवक के साथ दुबई भागने की योजना बनाने का आरोप लगाया।
Father-daughter suicide case: उन्नाव में बेटी के साथ पिता के आत्महत्या करने के मामले में नई-नई जानकारी निकल कर सामने आ रही है। पुलिस की जांच में सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने आपबीती सुनाई है। उसने अपने सुसाइड नोट में बताया है कि वह पत्नी से परेशान होकर पुत्री के साथ सुसाइड कर रहे हैं। मृतक के भाई ने इस संबंध में थाने में तहरीर देकर मृतक की पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दे देकर कार्रवाई करने की मांग की है। थाना पुलिस ने पत्नी सहित उसके परिजनों के खिलाफ संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सुसाइड नोट पर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बीते 23 फरवरी की रात को कानपुर-उन्नाव-लखनऊ रेल मार्ग पर पिता-पुत्री ने ट्रेन के आगे कूद कर अपनी जान दे दी थी, जिसकी शिनाख्त विकास गुप्ता और उनकी पुत्री वेदिका निवासी सहजनी थाना गंगा घाट के रूप में हुई थी। सहजनी रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई घटना के बाद तमाम प्रकार की चर्चाएं हुईं। रेलवे क्रॉसिंग के पास ही मृतक की कार बरामद हुई थी।
गंगा घाट थाना पुलिस की जांच में मृतक विकास गुप्ता का मोबाइल फोन मिला, जिसमें मिले सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी आपबीती बताई है। इस संबंध में विकास गुप्ता के भाई शिवम ओमर ने थाने में तहरीर देकर विकास गुप्ता की पत्नी डाली और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
अपनी तहरीर में शिवम ओमर ने बताया कि डाली का मुस्लिम युवक के साथ संबंध था और उसके साथ दुबई भागने की तैयारी में थी। इसकी जानकारी होने पर उनके भाई विकास गुप्ता ने जब बातचीत की तो विकास गुप्ता की पत्नी डॉली और उसके घर के सदस्यों ने मारपीट की, जिसमें उसे गंभीर चोटें भी आईं। इस संबंध में शिकायती पत्र दिया गया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि सर में कई टांके भी लगे थे। उन्होंने गंगा घाट थाना पुलिस पर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया।
गंगा घाट थाना पुलिस ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट में बताए गए तत्वों की भी जांच हो रही है। जांच के उपरांत दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।