
Food Safety Raid Fake Paneer Destroyed: उन्नाव में दिवाली के पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 650 ग्राम किलोग्राम पनीर नष्ट किया है जिसकी बाजार में कीमत है दो लाख बताई गई है इसके अतिरिक्त मिठाई की दुकान को भी सील किया गया है। इसके साथ ही सैंपल भी कलेक्ट किया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन दिवाली और भैया दूज त्यौहार को देखते हुए खाद्य से संबंधित दुकानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जिसके अंतर्गत खाद्य विभाग को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। छापामारी के दौरान कुल 6 सैंपल लिए गए। इसके साथ ही लाखों का मिलावटी सामान मौके पर ही नष्ट किया गया।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसके बाद भी मिलावटखोर खाद्य पदार्थों में मिलावट करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त प्रियंका सिंह के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान बोलेरो से भारी मात्रा में नकली पनीर बरामद किया गया।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीरम पुर में अफाक व इरफान नाम के दो लोग बोलेरो मैक्स में 650 किलो संदिग्ध पनीर लेकर जा रहा था। टीम ने गाड़ी रोककर चेकिंग के लिए रुकवाया तो बड़ा खुलासा हुआ। निरीक्षण के दौरान न तो कोई लाइसेंस मिला और न ही बिल। खाद्य विभाग के अनुसार पनीर देखने में ही खराब और मिलावटी लग रहा था। करीब 2 लाख रुपये कीमत का सारा पनीर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया है।
इसी तरह शुक्लागंज के पुरानी बाजार स्थित मिठाई की दुकान पंकज स्वीट्स पर छापा मारा गया। निरीक्षण के दौरान जानकारी हुई कि पंकज त्रिपाठी बिना लाइसेंस के मिठाई की दुकान संचालित कर रहा है। मौके पर गंदगी भी मिली। खाद्य सहायक आयुक्त ने बताया कि यहां से हनी ड्यू, चर्क युक्त बर्फी, खोया के सैंपल लिया गया। 20 पीस राजभोग, 5 किलो बर्फी जिसकी कीमत लगभग 26 सौ रुपए थी नष्ट की गई। दुकान को अगले आदेश तक बंद करा दिया गया है।
तीसरी कार्रवाई सफीपुर के हाता बाजार की गई। यहां पर राम चन्द्र राठौर की तेल की दुकान से 60 किलो सरसों के तेल का सैंपल लिया गया। जिसकी कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त प्रियंका सिंह ने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया हैं। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, आशीष कुमार वर्मा, महेश कुमार, पंकज कुमार यादव आदि शामिल थे।