
Gamblers Arrested in Unnao उन्नाव में पुलिस ने जुआ अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की है। जहां से 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से लाखों रुपए की नगदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन आदि भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त कानपुर नगर और उन्नाव के रहने वाले हैं। गंगाघाट थाना पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। कुल 17 मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घटना गंगा घाट थाना क्षेत्र की है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के थाना गंगाघाट पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर विंदानगर चौकी क्षेत्र के मोहल्ला सर्वोदय नगर में अमित जायसवाल के मकान के अंदर चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारा। मौके से हारजीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते हुए 16 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया।
गंगाघाट थाना पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते, 1,15,115 रुपये मालफड़, 14,260 रुपये जमा तलाशी और 17 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जबकि गिरफ्तार अभियुक्तों में कानपुर नगर और उन्नाव के रहने वाले शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में दहशत है। कानपुर से सटे गंगा घाट थाना क्षेत्र में जुआ खेलने और खिलाने की शिकायतें मिलती रहती हैं।
गंगा घाट पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार जुआरियों में अंकुश गुलाटी, सतीश, मनीष शुक्ला, दीपक, शभाकित गुप्ता, सुशान्त जायसवाल, हरि तिवारी, मुन्ना निषाद, लोकेश कश्यप, अंकुर सिंह, अमित जायसवाल, जावेद खान, दिलशाद, आकिब, मानस दुआ और आश्चर्य अवस्थी उर्फ पुल्लू शामिल हैं।
गंगाघाट पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी मोटी रकम का दांव लगा रहे थे। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना गंगाघाट पर धारा 3/4 जुआ अधिनियम के तहत अंकुश गुलाटी आदि 16 के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार करने वालों में गंगाघाट थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार पाल, दया राम, हेड कांस्टेबल महेन्द्र यादव समेत 19 पुलिसकर्मी शामिलथे। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।