
उन्नाव. लखनऊ-कानपुर राजधानी मार्ग पर स्थित वार्ड नम्बर 17 जो परसीमन के पहले 15 था में समस्याओं का अम्बार लगा है। जलभराव, जल निकासी, कूड़ा डंपिंग की व्यवस्था न होना, गंदगी सहित विभिन्न समस्याओं से मोहल्ले वाले दो चार हो रहे हैं। स्थानीय निकाय चुनाव में इन्हीं समस्याओं को लेकर प्रत्याशी मतदाता के पास जा रहे है। वर्तमान में यह सीट भाजपा के पास है। वैसे भाजपा ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की हैं। परंतु संभावनाओं को देखते हुये वर्तमान प्रत्याशी ने जनसम्पर्क अभियान चला रखा है। इसके साथ ही सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। जबकि बसपा ने भी स्थानीय निकाय चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़ने का निर्णय लिया है। जिसके बाद यहां पर भी दावेदार सामने आ रहे हैं। परंतु अभी सपा को छोड़ कर किसी ने भी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
नये परिसीमन में कम हुये मतदाता
वार्ड नम्बर 17 में रायबरेली क्रासिंग से हरदोई पुल की तरफ जाने वाले राजधानी मार्ग के दाहिनी तरफ का हिस्सा आता है। यहां कुल मतदाता लगभग 4200 है। जो नये परिसीमन के बाद विगत चुनाव से कम हो गये है। गौरतलब है कि स्थानीय निकाय चुनाव 2017 में तीन वार्ड नये बनाये गये है। जिसके बाद वार्डो की कुल संख्या 32 हो गयी है। वार्ड नम्बर 17 में ही सपा शासन के दौरान राज्य मंत्री बनाये गये सुधीर रावत का भी निवास है। परंतु यहां की समस्या खत्म नहीं हुयी है। इसके साथ ही उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण का ऑफिस, महत्वपूर्ण सरकारी बैंक की मुख्य शाखा भी वार्ड नम्बर 17 में है। इसके साथ ही यहां पर उप नगरीय स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित है। शहर का मुख्य पेट्रोल पम्प भी लोगों को अपनी सेवायें दे रहा है। आईटीआई, राजा शंकर इंटर कालेज के साथ लड़कियों का भी इंटर कालेज संचालित है।
निवासियों का कहना है कि मच्छर, जलनिकासी, गंदगी उनकी मुख्य समस्या
इस सम्बंध में बातचीत करने पर सुधीर कुमार ने बताया कि वार्ड की मुख्य समस्या जल भराव और जल निकासी का है। हल्की बारिश में भी गठभरा पानी भर जाता है। नाली का गंदा पानी घरों के अंदर घुस जाता है। जल निकासी के मार्ग पूरी तरह से अवरोध है। या तो सिल्ट के कारण जल निकासी नहीं हो पाती है या फिर जल निकासी के मार्ग को पूरी तरह से पाट कर बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि हरदोई पुल, राजधानी मार्ग के नीचे से जल निकासी के लिये नाला बना था। जिसमें राजधानी मार्ग के नीचे की पुलिया और उसके आगे का नाला जो कि ऑटो पार्टस मार्केट के बागल में पड़ने वाले नाले जाकर गिरता था को पूरी तरह से पाट दिया गया है। इस पर अवैध रूप से दुकानें चल रही है। जबकि हरदोई पुल के नीचे का जल निकासी मार्ग सिल्ट की वजह से जाम है। गंदगी के कारण ही मच्छर भी आम जीवन को कष्टदायक बनाये हैं।
निवर्तमान सभासद ने काफी काम कराया आगे भी करायेगें-
इस सम्बंध में निवर्तमान भाजपा सभासद पति ब्रजेश पाण्डेय ने बताया कि उन्होने अपने वार्ड में इंटरलाकिंग, नाली, हाई मास्क लाईट, सौर उर्जा लाइट के साथ अन्य काफी काम कराये हैं। इसके बाद कुछ समस्या रह गयी है। उन्हें भी दूर करने का प्रयास किया जायेगा।