
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
उन्नाव. नवरात्र आते ही देवी भक्तों के मन में भक्ति का ज्वार फूटने लगता है। बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं और नवरात्र के अंतिम दिन व्रत तोड़ते हैं। देवी पूजा का महापर्व शारदीय नवरात्र आगामी 7 अक्टूबर गुरुवार से शुरू हो रहा है। जिसको देखते हुए देवी मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। घर-घर में कलश स्थापना कर अखंड ज्योति जलाने की मान्यता है। इस बार नवरात्र 8 दिन का होगा।
यह भी पढ़ें
7 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं शारदीय नवरात्र
कथावाचक पंडित दुर्गा प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि शारदीय नवरात्र आगामी 7 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं। महाअष्टमी व्रत 13 अक्टूबर को होगा। जबकि महानवमी 14 अक्टूबर को है। जबकि 15 अक्टूबर को दशहरा का त्यौहार मनाया जाएगा। 7 अक्टूबर को मां जगदंबा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री के दर्शन और पूजन से शुरू होंगे नवरात्र।
देवी मंदिरों को किया गया तैयार
नवाबगंज स्थित दुर्गा मंदिर, कुसुंबी स्थित कुशहरी देवी का मंदिर, स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर, बाईपास स्थित मां पूर्णा देवी मंदिर, शुक्लागंज स्थित मां दुर्गा मंदिर, बक्सर स्थित शक्तिपीठ सहित अन्य देवी मंदिरों में नवरात्र की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। माता के दरबार को फूल मालाओं से सजाया जा रहा है। जिला प्रशासन नवरात्र को देखते हुए सतर्क है। देवी मंदिरों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। महिला पुलिस सहित अन्य जवानों को भी तैनात किया गया है। चैत्र नवरात्र सहित अन्य त्योहार कोविड-19 की भेंट चढ़ गए थे। इसे देखते हुए इस बार भक्तों में विशेष उत्साह है।