
Two-storey house collapses in Unnao, seven Injured: उन्नाव में गुरुवार से लगातार हो रही बारिश का असर देखने को मिला। जब दो मंजिला पक्का मकान ढह गया। इस दौरान घर में सात लोग मौजूद थे। मकान गिरने की आवाज सुनते ही मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उन्होंने 6 माह के लड़के के विषय में विशेष रूप से जानकारी दी। बोले वह पूरी तरह सुरक्षित है। घटना पुरवा कोतवाली क्षेत्र के धिरजी खेड़ा गांव का है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के धिरजी खेड़ा गांव में उस समय बड़ा हादसा हो गया जब दो मंजिला पक्का मकान गिर गया। इस दौरान जोर की आवाज भी सुनाई पड़ी। रात करीब 12:05 पर हुई घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य चलाया। घटना की जानकारी 112 पर पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मलबा हटाया। कड़ी मस्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों में रोहतास (42) पुत्र राजकुमार, शिखा (35) पत्नी विनीत, पूजा (40) पत्नी जीतू, रेशमा (39) पत्नी रोहतास, जय देवी (60), शर्मिला देवी (55) पत्नी राजकुमार और 6 महीने का कृष्ण पुत्र रोहतास शामिल है। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूर्व में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
देर रात हुई घटना से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। क्षेत्राधिकारी पुरवा अरविंद चौरसिया ने बताया कि रात को मकान गिरने की घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत और बचाव कार्य चलाया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जिसमें छह माह का बच्चा भी है। जो पूरी तरह से सुरक्षित है। घायलों में पांच महिलाएं और एक पुरुष है। जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।