IG reached Unnao: उन्नाव में बीते दो दिनों में लूट की चार घटनाएं हुई। आईजी लखनऊ ने मौके पर पहुंच कर बातचीत की। दो थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। लुटेरों की जानकारी देने वाले को एक लाख का इनाम घोषित किया गया है।
Unnao robbery incident: उन्नाव में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने प्रशासन को हिला कर रख दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की लूट हुई है। आज ज्वेलर्स की दुकान पर लूट की घटना हुई। विरोध करने पर लुटेरों ने पिटाई भी कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इधर लूट की गूंज लखनऊ में सुनाई पड़ी। आईजी लखनऊ रेंज ने थाना पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की और लापरवाही बरतने के आरोप में दो थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया। जांच के लिए 7 टीम में गठित की गई है। वहीं जानकारी देने वाले को एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। मोटरसाइकिल लूट की घटना अचलगंज और बीघापुर थाना क्षेत्र की है। जबकि एक घटना आज सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई। जहां लुटेरों ने सोने चांदी की दुकान को निशाना बनाया।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अचलगंज सैदपुर मार्ग पर अविरल पुत्र मनोज निवासी दाउदपुर अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। भट्टे के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने रोक कर अविरल की पिटाई कर दी और मोटरसाइकिल छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उन्नाव लालगंज हाईवे पर स्थित जिओ पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे का निरीक्षण किया। जिसमें बाइक सवार कर दिखाई पड़े। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों की पहचान कर रही है। इसी प्रकार एक घटना कुल्हागाढ़ा मार्ग पर स्थित झाबुआ शराब ठेके के पास हुई। जहां बदमाशों ने राहगीर की पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया और घायल को बीघापुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।
मोटरसाइकिल लूट की एक अन्य घटना बीघापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमेल नहर के पास की है। घटना के समय बीघापुर थाना क्षेत्र के गणेश खेड़ा निवासी मनीष, विजय और कौशल अचलगंज थाना क्षेत्र स्थित नेवरना अपनी मौसी के यहां जा रहे थे। जमेल नहर के पास दो मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने तमंचा दिखाकर रोक लिया और बाइक छीनकर भागने लगे। विरोध करने पर लुटेरों ने मनीष के सिर पर कट्टे का बट मार दिया। जिससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीआरबी ने मनीष को अस्पताल में भर्ती कराया।
चौथी घटना सदर कोतवाली क्षेत्र में आज हुई। जहां लुटेरों ने सोने चांदी की दुकान को निशाना बनाया। क्षेत्राधिकारी नगर दीपक कुमार ने बताया कि आज दोपहर 1:30 बजे के करीब डायल 112 पर जानकारी मिली कि अवनी खेड़ा स्थित कृष्णा ज्वेलर्स की दुकान में दो मोटरसाइकिल से चार अज्ञात लोग आए और उन्होंने लूट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान ज्वेलर्स के साथ मारपीट भी की गई। तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
जिले में हुई ताबड़तोड़ घटना से प्रशासन हिल गया आईजी लखनऊ किरण एस ने अचलगंज थाना पहुंचकर घटना की विषय में जानकारी प्राप्त की। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह भी मौजूद थे। प्रथम दृष्टया जांच में लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी निरीक्षक अचलगंज बृजेश शुक्ला और थानाध्यक्ष बीघापुर राजपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए सात टीमों का गठन किया गया है। सूचना देने वाले को एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है। मोबाइल नंबर 6392789478 जारी किया गया है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।