सीएमओ डा. आशुतोष कुमार दूबे ने कहा कि शासन के निर्देश पर नियमित रूप से अस्पतालों की जांच की जा रही है। अब तक 42 अपंजीकृत अस्पताल सील किए जा चुके हैं। जो भी हास्पिटल अवैध पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान जारी रहेगा।
अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का अभियान जारी, CMO बोले होगी कड़ी कारवाई
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने चौरीचौरा, गोला व कौड़ीराम में निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। तीन अस्पताल अवैध पाए जाने पर उन्हें सील कर दिया गया।एक को चेतावनी दी गई। टीम के क्षेत्रों में पहुंचते ही हड़कंप मच गया। अनेक संचालक हास्पिटल में ताला लगाकर भाग गए।
शासन के निर्देश पर अवैध अस्पतालों पर छापेमारी
शासन के निर्देश पर एसडीएम चौरीचौरा प्रशांत वर्मा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरदार नगर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. हरिओम पांडेय व चिकित्सा शिक्षा एवं सूचना अधिकारी चंद्रशेखर भारती के साथ छपरा मंसूर गांव में एक खेत में संचालित किए जा रहे ऋषभ हास्पिटल पहुंचे।टीम के पहुंचने से पहले ही संचालक अस्पताल में ताला लगाकर भाग गया था। यहां से टीम रामपुर बुजुर्ग चौराहे पर पहुंची। वहां मां संतोषी मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
मेडिकल स्टोर में अवैध रूप से क्लीनिक का संचालन किया जा रहा था। संचालन करने वाला तथाकथित डाक्टर भाग गया।एसडीएम ने क्लीनिक को सील कर दिया। इसके बाद टीम ने सरदार नगर में प्रीति हास्पिटल की जांच की। एक तीमारदार ने बताया कि अस्पताल के पीछे के हिस्से में रोगी भर्ती किये गए हैं। टीम ने पाया कि वहां छह रोगी भर्ती थे, जिसमें कुछ रोगियों का आपरेशन किया गया था।
संचालक अस्पताल के पंजीकरण से संबंधित प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर पाया। टीम ने भर्ती रोगियों को पीएचसी सरदार नगर व सीएचसी चौरीचौरा भेजकर हास्पिटल को सील कर दिया। डिप्टी सीएमओ डा. एके सिंह के नेतृत्व में टीम ने गोला में प्रतिभा डेंटल क्लीनिक का निरीक्षण किया। संचालक पंजीकरण से संबंधित प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर पाया।
अस्पताल को सील कर चेतावनी दी गई कि बिना पंजीकरण कराए अस्पताल खोला गया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में धर्मा हास्पिटल और एसआरके हास्पिटल को आयुष्मान भारत में योजना से संबद्ध करने के लिए निरीक्षण किया गया। टीम कौड़ीराम में बालाजी हास्पिटल पहुंची, यह अस्पताल क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के यहां से पंजीकृत पाया गया। वहां संचालित मेडिकल स्टोर भी पंजीकृत मिला।
कौड़ीराम के रिया हास्पिटल में अवैध गर्भपात की शिकायत मिली थी। टीम ने हास्पिटल की जांच की लेकिन शिकायत से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला, दो प्रसवोत्तर मरीज भर्ती पाए गए। चिकित्सालय पर नियमित चिकित्सक डा. विवेक विशाल शुक्ल उपस्थित पाए गए। चेतावनी दी गई कि केवल गर्भपात एक्ट के अधीन पंजीकृत चिकित्सालय में ही गर्भपात किया जा सकता है अन्यथा की स्थिति में दंड का प्रविधान है।
CMO गोरखपुर
सीएमओ डा. आशुतोष कुमार दूबे ने कहा कि शासन के निर्देश पर नियमित रूप से अस्पतालों की जांच की जा रही है। अब तक 42 अपंजीकृत अस्पताल सील किए जा चुके हैं। जो भी हास्पिटल अवैध पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान जारी रहेगा।