घोसी सांसद राजीव राय ने मऊ जिले में चल रहे फर्जी अस्पतालों पर नकेल कसने के लिए निर्देशित किया।
Mau News: जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक घोसी के सांसद राजीव राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार परिसर में संपन्न हुई।
बैठक में घोसी सांसद राजीव राय ने मऊ जिले में चल रहे फर्जी अस्पतालों पर नकेल कसने के लिए निर्देशित किया।
बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित हो रहे सभी लाइसेंस धारी अस्पतालों की सूची जिला अस्पताल में चस्पा होनी चाहिए। इनके अलावा जो भी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर अवैध रूप से संचालित हो रहे उनके खिलाफ अभियान चला कर उन्हें बंद किया जाना चाहिए।
राजीव राय ने सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर भी रोक लगाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में खाली पदों के सर्वे की भी बात की ताकि शासन से वार्ता करके उस पर नई नियुक्ति कराई जा सके। उन्होंने 100 बेड वाले जिला अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती हेतु विशेष प्रयास करने के भी निर्देश दिए।