
महिला को ट्रक ने रौंदा, सिर धड़ से हो गया अलग, PC- X
उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गुरुवार दोपहर एक खौफनाक सड़क हादसा हुआ। सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नहर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना वीभत्स था कि ट्रक का पहिया महिला की गर्दन से गुजर गया, जिससे उनका सिर हेलमेट समेत धड़ से अलग होकर सड़क पर गिर पड़ा।
चिपियाना मोहल्ला निवासी फरहीन फातिमा (27) अपनी 6 साल की भतीजी जारा के साथ स्कूटी से महरा चौराहा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने जा रही थीं। जैसे ही वह शेखपुर नहर के पास पहुंचीं, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मासूम जारा उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरी, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। लेकिन अपनी चाची की ऐसी हालत देख वह गहरे सदमे में है। फरहीन ने सुरक्षा के लिए हेलमेट पहन रखा था, लेकिन भारी ट्रक का पहिया सीधे गर्दन के ऊपर से गुजरने के कारण हेलमेट के अंदर ही सिर कटकर अलग हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मृतका के जेठ लईक अपनी छोटी बहू की लाश देख बेसुध हो गए।
जानकारी के मुताबिक, फरहीन की शादी महज एक साल पहले हुई थी। उनके पति दिलशाद अहमद दुबई में नौकरी करते हैं और घर पर खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई लगाम नहीं है। आए दिन यहां हादसे होते हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। लोगों ने मांग की है कि रिहायशी इलाकों में स्पीड ब्रेकर और गति सीमा निर्धारित की जाए।
सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश के लिए आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
02 Apr 2026 06:53 pm
बड़ी खबरें
View Allउन्नाव
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
