यूपी न्यूज

प्रयागराज में ट्रक हटाने को लेकर विवाद, अधेड़ को मारी गोली, बीच-बचाव करने आए युवक को पीटा

प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र के कस्तूरीपुर हरकिशन गांव में बुधवार दोपहर मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। ट्रक हटाने को लेकर हुए झगड़े के बाद कुछ दबंग गांव पहुंचे और फायरिंग कर दी। इस घटना में एक अधेड़ को गोली लग गई, जबकि बीच-बचाव करने आए एक युवक को भी बुरी तरह पीटकर घायल […]

2 min read
crime news

प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र के कस्तूरीपुर हरकिशन गांव में बुधवार दोपहर मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। ट्रक हटाने को लेकर हुए झगड़े के बाद कुछ दबंग गांव पहुंचे और फायरिंग कर दी। इस घटना में एक अधेड़ को गोली लग गई, जबकि बीच-बचाव करने आए एक युवक को भी बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

लोगों ने शांत कराया मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कस्तूरीपुर हरकिशन गांव के रहने वाले 55 वर्षीय रामआसरे बुधवार दोपहर अपने घर के पास बाइक धो रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनसे ट्रक हटाने को कहा। बताया जा रहा है कि वह ट्रक रामआसरे के परिवार का ही एक सदस्य चलाता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि, आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उस समय मामला शांत करा दिया था।

लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल

आरोप है कि कुछ देर बाद हमलावर चार-पांच गाड़ियों में सवार होकर दोबारा गांव पहुंचे और हंगामा करने लगे। इसी दौरान उन्होंने फायरिंग कर दी, जिसमें रामआसरे को गोली लग गई और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए दौड़े राम कैलाश को भी हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया।

गुस्साए ग्रामीणों ने की तोड़फोड़

गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे। भीड़ बढ़ती देख हमलावर अपनी गाड़ियां छोड़कर मौके से भाग गए। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर छूटी एक कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चंदन पटेल निवासी चांटी को गिरफ्तार कर लिया। घायल रामआसरे को इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने तहरीर के आधार पर निलेश मिश्रा उर्फ नीलू, रोहित पांडे, शुभम मिश्रा, मोनू, चंदन पटेल, डब्लू उर्फ सुधीर, अंशु समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

होलागढ़ थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

Published on:
05 Mar 2026 09:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर