
फ़ोटो सोर्स: पत्रिका
गोरखपुर में शनिवार की सुबह टूरिस्ट स्पॉट रामगढ़ताल क्षेत्र में नौकायन रोड पर एक बड़ा हादसा हो गया। एक वेन्यू कार अनियंत्रित होकर सीधे रामगढ़ताल ताल में जा गिरी। इस घटना को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और वे हादसे वाली जगह पहुंचे। बता दें कि शनिवार सुबह नौकायन रोड पर एक कार सड़क किनारे बैक की जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार को पीछे करते समय चालक अचानक संतुलन खो बैठा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, कार डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे रामगढ़ताल में जा गिरी। ताल का पानी काफी गहरा होने के कारण कार तेजी से डूबने लगी। इस घटना को देखते ही वहां मौजूद लोग कार सवारों को बचाने के लिए दौड़े, इधर कार में सवार दो युवक अचानक हुई इस घटना से घबरा गए थे। जैसे ही कार पानी में डूबने लगी, दोनों ने तुरंत खिड़की खोलकर दोनों युवक बाहर निकलने में सफल रहे। स्थानीय लोगों ने भी उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
इस तरह एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात का जायजा लिया, काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में क्रेन की मदद से कार को ताल से बाहर निकाला गया, पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर पूरे मामले की विस्तार से जांच कर रही है। फिलहाल रामगढ़ ताल क्षेत्र दुर्घटना के केंद्र बन चुका है। बेतरतीब ढंग से चल रही गाड़ियां आए दिन किसी न किसी हादसे का शिकार हो रही हैं।
गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पाइप से टकरा गई। यह दुर्घटना बेतऊँआ उर्फ चनऊँ गाँव के सामने सुबह करीब 4 बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, हालांकि उसमें सवार दोनों लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
मरवड़िया कूँआ चौकी इंचार्ज शमशेर यादव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार में सवार दोनों लोगों को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद वे इलाज के लिए चले गए। चौकी इंचार्ज शमशेर यादव ने बताया कि यह कार बेलीपार क्षेत्र के चारपानी निवासी राजेश यादव की थी। उन्होंने पुष्टि की कि कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं और उन्हें हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क के किनारे हटवा दिया है। दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार बताया गया है।
Published on:
02 May 2026 06:09 pm
