पुलिस ने ग्रामीण इलाके राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार इलाके में स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एसओजी-2 और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है...
वाराणसी: शहर में पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के बाद अब ग्रामीण क्षेत्र अय्याशी का अड्डा बनते जा रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीण इलाके राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार इलाके में स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एसओजी-2 और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई है। इस दौरान तीन महिलाओं और दो पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राजातालाब के कचनार इलाके में कई दिनों से पुलिस को यह सूचना मिल रही थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को भी स्पा सेंटर की गतिविधियों पर शक था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की माने तो बीते दो महीने में इस इलाके में लड़के लड़कियों का आना-जाना काफी बढ़ गया था और जिस जगह यह कार्य हो रहा था उस जगह किसी प्रकार का बोर्ड भी नहीं लगा था, जिससे यह जगह संदिग्ध प्रतीत हो रही थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में पुष्टि की और गंभीरता से लेते हुए रविवार को छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा मौके से तीन लड़कियां और दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और जानकारी जुटाई जा रही है। इस दौरान पुलिस को मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर के अंदर चार छोटे-छोटे केबिन बनाए गए थे, जहां देह व्यापार के गोरखधंधे को अंजाम दिया जा रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, इस स्पा सेंटर का संचालन 'औरा हेवन' नाम से किया जा रहा था और इसका रजिस्ट्रेशन भी इसी नाम से था। पुलिस की छापेमारी के दौरान इसका संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यहां ग्राहकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से बुलाया जाता था। स्पा सेंटर की आड़ में अतिरिक्त पैसे लेकर देह व्यापार किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि जिस दुकान में यह सेंटर संचालित हो रहा था, वह मनोज कुमार गुप्ता के नाम पर रजिस्टर्ड है और उन्होंने दो महीने पहले जौनपुर के सिंगरामऊ निवासी अनिल कुमार को किराए पर दी थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच इसको लेकर एक समझौता भी हुआ था, जिसके कागजात बरामद हुए हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि साक्ष्य को सुरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर उच्च अधिकारी भी पहुंचकर घटना की जानकारी लेते नजर आए। दरअसल, शहर में लगातार पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के बाद अब देह व्यापार का यह कारोबार ग्रामीण क्षेत्र की तरफ बढ़ रहा है। ऐसे में सूचना के बाद पुलिस की टीम में कई स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है, रविवार को हुई छापेमारी भी उसी कड़ी का हिस्सा है।