
Seva Sankalp Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरा होने को लेकर बीजेपी द्वारा 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। वाराणसी में इस अभियान को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नविन, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत केंद्र और यूपी सरकार के कई मंत्री उपस्थित हुए। इस मौके पर गुजरात के वडनगर से वाराणसी पहुंचे कार्यकर्ताओं के ऊपर अतिथियों ने पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह वर्धन किया।
युवाओं को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "7 अक्टूबर 2001 को गुजरात की धरती पर एक नई शक्ति का आगमन हुआ। उस समय गुजरात भूकंप से दहल उठा था, लेकिन मुख्यमंत्री रहते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया गुजरात खड़ा किया। 2014 में चुने जाने के बाद उन्होंने भारत को वैश्विक पटल पर सबसे मजबूत देश के रूप में खड़ा किया।" सीएम ने विपक्ष पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा, "यूपी में आज से 10 साल पहले बहन-बेटियां सड़क पर सुरक्षित नहीं घूम सकती थीं। लेकिन बीजेपी के शासन में प्रदेश अपराध मुक्त हो चुका है।"
कार्यक्रम में उपस्थित असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा ने कहा, "मैं मां कामाख्या की धरती से बाबा विश्वनाथ की नगरी में आया हूं। मैं बाबा विश्वनाथ की धरती को प्रणाम करता हूं। 2014 से पहले कोई नहीं सोच सकता था कि बीजेपी इतनी बड़ी पार्टी बनेगी, लेकिन आज 2026 में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आयी है और अगले 50 साल तक बीजेपी के आसपास कोई टिक नहीं सकता।" उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के करण आज भारत के शक्तिशाली देशों में शामिल हो सका है। 2014 से पहले पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुसकर निर्दोष लोगों को शिकार बनाते थे, लेकिन आज भारत पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को शिकार बना रहा है।" इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर कहा, "राहुल जी कान खोलकर सुन लो, जब तक युवा शक्ति है तब तक सनातनियों का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता।"
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नविन ने युवाओं से कहा, "आज का दिन भारत के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सेवा के कार्यकाल को याद करने का दिन है।" उन्होंने कहा, "गुजरात के कठिन दौर में जिस तरह विकास की लहर बही, उसका श्रेय केवल और केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देश के युवा इतिहास रच रहे हैं और भारत का विश्व में लोहा मनवा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि एक समय था जब नॉर्थ ईस्ट में जाने में लोगों को कठिनाई होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्थ ईस्ट का समुचित विकास किया। असम के मुख्यमंत्री इस बात को भली भांति जानते हैं।