यूपी न्यूज

यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा कौन थीं? बहन तूल‍िका को आखिर क्यों मारा; लखनऊ हत्याकांड का अपडेट

Double Murder Case Update: लखनऊ के गोमतीनगर में बैंक के बाहर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या के बाद उनके पति मानस बाजपेयी ने अपनी बहन को भी गोली मार दी और खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
3 min read
Aug 20, 2026
lucknow double murder case update know about divya mishra
दिव्या मिश्रा मर्डर केस अपडेट। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Double Murder Case Update Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार दोपहर डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई। पत्रकार और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा की उसके पति मानस बाजपेयी ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद मानस ने अपनी बहन तूलिका उर्फ सीबा को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी। हत्या की वजह अभी तक आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

बैंक के बाहर बुलाकर पत्नी को मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा गुरुवार सुबह अपने ऑफिस के लिए निकली थीं। दोपहर में मानस अपनी कार से गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक के बाहर पहुंचा और फोन करके दिव्या को बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी। गोली लगने के बाद आसपास मौजूद बैंक कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दिव्या को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की हत्या के बाद घर पहुंचा मानस

दिव्या को गोली मारने के बाद मानस अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन तूलिका उर्फ सीबा को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। मानस की बहन की पहचान 28 वर्षीय तूलिका उर्फ सीबा के रूप में हुई है।

हत्या से पहले WhatsApp पर लगाया था स्टेटस

बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या से पहले मानस ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया था। इसमें उसने पत्नी की हत्या करने और इसके बाद खुद तथा अपनी बहन को मारने की बात लिखी थी। स्टेटस में उसने पत्नी पर उसे धोखा देने का आरोप भी लगाया था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच में हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

मानस के हाथ में थीं दो पिस्तौल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने की आवाज सुनकर बैंक कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि उस समय मानस के हाथ में दो पिस्तौल थीं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कौन थीं दिव्या मिश्रा?

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि करीब 12 साल पहले उनकी शादी मानस बाजपेयी से हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। दिव्या के पति मानस भारतीय स्टेट बैंक में अकाउंटेंट थे और जानकीपुरम शाखा में कार्यरत थे।

यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं दिव्या

दिव्या मिश्रा की बहन प्रज्ञा मिश्रा यूट्यूबर हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी बहन को गोली मारे जाने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "अभी-अभी फोन आया, गोमतीनगर में मेरी बहन को गोली मार दी गई है… लोहिया में है, ईश्वर मेरी बहन की रक्षा करे।" प्रज्ञा मिश्रा ने अपने पोस्ट में यूपी पुलिस, लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश के डीजीपी को भी टैग किया।

मानस ने बहन को क्यों मारी गोली?

मानस द्वारा अपनी बहन तूलिका को गोली मारने की वजह को लेकर भी अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि तूलिका 28 साल की थीं और परिवार के अनुसार उनकी देखरेख मानस ही करता था। एक दावे के मुताबिक, मानस को आशंका थी कि उसकी मौत के बाद उसकी बहन की देखभाल करने वाला कोई नहीं होगा। हालांकि, यह हत्या की आधिकारिक वजह नहीं है और पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

लखनऊ की इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस पत्नी की हत्या, बहन की हत्या के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।