
Vande bharat Train: वाराणसी रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। सिंगापुर से घूमने आए एक विदेशी पर्यटक का बैग नई दिल्ली वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में छूट गया था, जिसके बाद यार्ड में सफाई के दौरान कर्मचारियों को मिला। इस दौरान बैग में लाखों रुपए व डॉलर रखे हुए थे, जिसके बाद कर्मचारियों ने इसकी सूचना आरपीएफ स्टाफ को दी और आरपीएफ स्टाफ ने संबंधित यात्री को खोज निकाला और उसका बैग उसे वापस कर दिया। रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी की यह मिसाल अब काशी में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, सिंगापुर का एक पर्यटक भारत भ्रमण पर आया हुआ है। इसी दौरान वह नई दिल्ली से वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से पहुंचा था। यात्रा पूरी होने के बाद वह उतर कर स्टेशन से बाहर निकल गया और अपना बैग वही ट्रेन में भूल गया। ट्रेन के यार्ड में पहुंचने के बाद नियमित सफाई करने वाले कर्मचारियों की नजर सीट पर छूटे बैग पर पड़ी। इसके बाद कर्मचारियों ने बैग को खोलकर देखा, तो उसमें 2.11 लाख रुपए भारतीय मिले, इसके साथ ही हजारों डॉलर भी बैग से बरामद हुए।
कर्मचारियों ने बिना देर किए इसकी जानकारी आरपीएफ को दी और रेलवे के अधिकारियों को बैग सुपुर्द कर दिया। उधर बैग खोने की जानकारी होने के बाद विदेशी पर्यटक अपने गाइड के साथ रेलवे स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचा और उसकी तलाश में जुट गया। आरपीएफ के अधिकारियों ने यात्री से उसकी पहचान पूछी और पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद उसे बैग वापस कर दिया, जिसके बाद सिंगापुर के नागरिक ने राहत की सांस ली।
वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि ट्रेन की नियमित साफ सफाई के दौरान एक बैग बरामद हुआ था, जिसके बाद कर्मचारियों ने इसकी सूचना रेलवे के अधिकारियों को दी। इसी दौरान जिस पर्यटक का बैग छूटा हुआ था, वह भी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया और बैग खोने की बात कही। उसके बाद आरपीएफ के कर्मचारियों ने उससे जरुरी पूछताछ करके उसका बैग उसे वापस लौटा दिया। उन्होंने बताया कि विदेशी पर्यटक ने भारतीय रेल के कर्मचारी की ईमानदारी की सराहना की है।