Siddharthnagar Murder Case: प्रेमिका के गर्भवती होने पर प्रेमी ने हत्या कर दी। सिद्धार्थनगर के डिजिटल लाइब्रेरी में शव को दफना दिया।
सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ में डिजीटल लाइब्रेरी के लिए भवन का निर्माण हो रहा है। इसमें बिहार के मजदूर भी काम कर रहे हैं। इन्हीं में से एक थी बिहार के पश्चिमी चंपारण की नींबू मांझी (25) और उसका प्रेमी शिवबालक कुमार।
शिवबालक ने बताया कि सिद्धार्थनगर में लोगों से नींबू को अपनी पत्नी बताया था। नींबू गर्भवती हो गई थी। उसे बच्चा किसी और का होने का शक था। नींबू से बच्चा गिराने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। उससे पीछा छुड़ाने के लिए निर्माणाधीन लाइब्रेरी में रखी सीमेंट की चक्की से हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस की पूछताछ में शिवबालक ने बताया कि नागपंचमी के त्योहार पर सभी मजदूर अपने घर चले गए थे। सिर्फ वह और नींबू ही बचे थे। उसने रात में नींबू की हत्या की, फिर रात में ही गड्ढा खोदकर शव को उसमें दफना दिया। पूरी रात वह घटनास्थल पर रहा और सुबह नहा-धोकर गोरखपुर के रास्ते ट्रेन से अपने घर बिहार चला गया। पुलिस ने नींबू के भाई बृजविहारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर शिवबालक को गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका नींबू मांझी की पहले शादी हो चुकी थी। किसी कारणवश उसने अपने पति को छोड़ दिया था। पहले पति से उसकी एक बच्ची भी है। पति को छोड़ने के बाद ही उसका शिवबालक के साथ प्रेम संबंध शुरू हुआ, जो बाद में उसकी मौत का कारण बन गया। इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शोहरतगढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।