UP Assembly Election 2022 प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी को एक हफ्ते के अंदर गठबंधन या विलय का फैसला ले लेना चाहिए। ऐसा न होने पर उन्हें लखनऊ में सम्मेलन कर अपने लोगों से राय लेकर निर्णय लेना होगा। प्रसपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि अपने समर्थकों के लिए हम 100 सीटें चाहते थे। फिर भी हम झुक गए और पीछे हट गए।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
इटावा. UP Assembly Election 2022 समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के जन्मदिन अवसर पर चंदगीराम स्टेडियम में शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) ने दंगल आयोजित कराया। इस मौके पर प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रसपा (PSP Party) पार्टी तैयार है। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) को एक हफ्ते के अंदर गठबंधन या विलय का फैसला ले लेना चाहिए। ऐसा न होने पर उन्हें लखनऊ में सम्मेलन कर अपने लोगों से राय लेकर निर्णय लेना होगा। प्रसपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि अपने समर्थकों के लिए हम 100 सीटें चाहते थे। फिर भी हम झुक गए और पीछे हट गए। यह बात कहे दो साल हो गए, लेकिन इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव व जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव के कार्यक्रम में न पहुंचने पर जिक्र किया।
शिवपाल बोले 2003 में हम मुख्यमंत्री बन सकते थे लेकिन..
शिवपाल ने कहा जिला पंचायत चुनाव में अंशुल यादव को हराने के लिए कई ताकतें लगी थीं, लेकिन हमने निर्विरोध कराया। हमने हमेशा त्याग किया है। वर्ष 2003 में ही हम मुख्यमंत्री बन सकते थे, लेकिन मैंने नेताजी को दिल्ली से बुलाकर मुख्यमंत्री बनवाया था। अन्य पार्टियों के 40 विधायक जुटाए थे, जिसमें 25 विधायक भाजपा के भी थे। अजीत सिंह, कल्याण सिंह हमारे साथ थे।
हमारे और कार्यकर्ताओं के कारण 2012 में सरकार बनी थी
शिवपाल यादव ने कहा कि मायावती के कार्यकाल में हमारे लोगों पर अत्याचार हो रहा था, हम विपक्ष के नेता थे, बहुत विरोध किया था और कई आंदोलन किए थे। हमारे और कार्यकर्ताओं संघर्ष की वजह से 2012 की सरकार बनी थी। हम फिर से सरकार बनाना चाहते हैं इसके लिए दो साल से कोशिश कर रहे हैं। यहां तक कि हमने यह भी कहा कि हमारे जो जिताऊ लोग हैं उनका सर्वे करा लो फिर चाहें गठबंधन कर लो या विलय। मगर अब बहुत देर हो रही है।
शिवपाल बोले अब जो भी हो जल्दी फाइनल हो जाए
उन्होंने कहा अब हमारा छोटा दल नहीं है। हमारी प्राथमिकता पर आज भी समाजवादी पार्टी है। आज के दिन लोगों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह पूरी नहीं हुईं। अब जो भी हो जल्दी फाइनल हो जाए। उन्होंने कहा कि इस समय देश की हालत ठीक नहीं है। भाजपा की सरकार में किसान, मजदूर, नौजवान, बुनकर सब परेशान हैं। महंगाई चरम पर है। अगर हमारे हाथ में ताकत आई तो हर परिवार में एक बेटा या बेटी को सरकारी नौकरी मिलेगी। किसानों को कोई समस्या नहीं होगी।