
ओम प्रकाश राजभर और ओम प्रकाश सिंह (IANS Photo)
Om Prakash Singh Controversy: कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पैदाइश को लेकर सपा नेता ओम प्रकाश सिंह की टिप्पणी पर तीखा पलटवार किया है। राजभर ने कहा कि उन्हें राजभर समाज में पैदा होने का कभी दुख नहीं रहा, बल्कि इस बात की खुशी है कि वह अपने समाज के लिए कुछ करने की नीयत और हौसला रखते हैं। उन्होंने कहा कि कौन कब, कहां, किस कुल और किस जाति में पैदा होगा, यह कोई व्यक्ति तय नहीं करता, इसे परमात्मा तय करते हैं। राजभर ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।
राजभर ने ओम प्रकाश सिंह को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो दिनों से उनका बयान सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि बयान सुनकर उन्हें हैरानी नहीं हुई, बल्कि ओम प्रकाश सिंह पर तरस आया। राजभर ने कहा कि उनकी पैदाइश को लेकर टिप्पणी इसलिए की गई क्योंकि वह किसी जमींदार या ऊंची जाति में नहीं, बल्कि बेहद गरीब और असहाय राजभर समाज में पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें राजभर होने का कभी दुख नहीं रहा। बल्कि इस बात की खुशी है कि जिस समाज में पैदा हुए, उसके लिए कुछ करने की नीयत और हौसला उनके अंदर है।
राजभर ने कहा कि वह भी ओम प्रकाश सिंह पर गलत टिप्पणी कर सकते हैं, लेकिन राजभर समाज ने उन्हें किसी व्यक्ति के माता-पिता पर गलत बयानबाजी करना नहीं सिखाया। उन्होंने ओम प्रकाश सिंह के माता-पिता को प्रणाम करते हुए कहा कि कौन कब, कहां, किस कुल और किस जाति में पैदा होगा, यह कोई व्यक्ति तय नहीं करता। इसे परमात्मा तय करते हैं।
इसके बाद राजभर ने समाजवादी पार्टी और ओम प्रकाश सिंह पर सियासी हमला किया। उन्होंने कहा कि शायद वे लोग ईश्वर को नहीं मानते। अगर मानते होते तो भगवान राम, रघुकुल, सूर्यवंश और सनातन का अपमान करने वाली समाजवादी पार्टी में एक विधानसभा टिकट के लिए अपमान का घूंट पीकर नहीं पड़े रहते।
राजभर ने कहा कि वह कर्म करने में विश्वास रखते हैं और कर्म के फल की चिंता नहीं करते। उन्होंने राजभर समाज के साथ पिछड़ों, दलितों और शोषितों की आवाज बुलंद करने का प्रण लिया है और उसी को पूरा करने में लगे हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने ओम प्रकाश सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सपा का टिकट चाहिए तो बेशक लें। जनता सब देख रही है। वह उन्हें भी देख रही है और उनकी पार्टी को भी। समय आने पर नतीजा भी जनता ही देगी। राजभर ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि ओम प्रकाश सिंह अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगेंगे और वह उनसे माफी की अपेक्षा भी नहीं रखते। हालांकि उन्होंने कहा कि सिंह को एक बार अपने माता-पिता को याद करके सोचना चाहिए कि उनके जैसे छोटी जाति में पैदा हुए व्यक्ति की पैदाइश को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित है या नहीं।
Updated on:
14 Sept 2026 04:22 pm
Published on:
14 Sept 2026 04:22 pm
