वाराणसी

सड़क हादसे ने छीना मासूम का सहारा, घायल पिता ने एक हफ्ते बाद तोड़ा दम

वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सूरज चौबे के रूप में हुई है

less than 1 minute read
Jan 13, 2026
प्रतीकात्मक फोटो ( स्रोत पत्रिका )

वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सूरज चौबे के रूप में हुई है। हादसा सात जनवरी की रात नागापुर हाईवे पर घने कोहरे के बीच हुआ था।

सीने में आई थी गंभीर चोट

जानकारी के अनुसार, सूरज चौबे बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। नागापुर के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था, जिसके दोनों टायर पंचर हो गए थे। घना कोहरा होने की वजह से ट्रक साफ नजर नहीं आया और सूरज पीछे से ट्रक से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि उन्हें सीने में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

मंगलवार रात हुई सूरज की मौत

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीर गौरीश सिंह की नजर घायल सूरज पर पड़ी। उन्होंने तुरंत मदद करते हुए सूरज को अपने वाहन से सुरही स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें इंफिनिटी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार रात सूरज ने दम तोड़ दिया।

सांस लेने में हो रही काफी परेशानी

परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद सूरज को सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। सूरज बंगलूरू की एक निजी कंपनी में काम करते थे और फिलहाल वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। वह दो भाइयों में बड़े थे। परिवार में पत्नी और पांच साल का बेटा आरव है। सूरज की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Published on:
13 Jan 2026 10:42 pm
Also Read
View All

अगली खबर