
प्रधानमंत्री Narendra Modi मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर राज्यपाल Anandiben Patel, मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वाराणसी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री (PM Modi Varanasi Visit 2026) हेलिकॉप्टर से बरेका हेलीपैड पहुंचे, जहां से वह गेस्ट हाउस रवाना हुए। शाम करीब पांच बजे वह बरेका मैदान में आयोजित ‘जन-आक्रोश महिला सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी हजारों महिलाओं से संवाद करेंगे और 163 विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई है। मंच संचालन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। कार्यक्रम में हजारों महिलाओं और छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। मंच पर 44 महिलाएं मौजूद रहेंगी, जो महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे मुद्दों का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रधानमंत्री के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, डिप्टी सीएम समेत कई वरिष्ठ नेता भी काशी पहुंचे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य मंत्रियों के साथ उन्होंने बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन भी किया। प्रधानमंत्री मोदी अपने इस दौरे के दौरान 6332.08 करोड़ रुपए की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1054.69 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा वह अमूल से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर करेंगे।
विकास परियोजनाओं में सड़कों का चौड़ीकरण, रेलवे ओवरब्रिज, फ्लाईओवर, अस्पतालों का निर्माण और उन्नयन, शैक्षणिक संस्थानों का विकास, पेयजल और सीवरेज योजनाएं, स्वच्छता अभियान, खेल सुविधाओं का विस्तार, तालाबों-कुंडों का जीर्णोद्धार, हरित ऊर्जा और शहरी अवसंरचना से जुड़े कई बड़े काम शामिल हैं। इन परियोजनाओं से पूर्वांचल में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों-बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री का यह पिछले 11 वर्षों में काशी का 54वां दौरा है और वर्ष 2026 का पहला दौरा। इससे पहले वह नवंबर 2025 में काशी आए थे। इस दौरे को राजनीतिक और विकासात्मक दोनों ही दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां एक ओर महिला शक्ति का बड़ा संदेश जाएगा, वहीं दूसरी ओर विकास योजनाओं की सौगात से पूर्वांचल की तस्वीर बदलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।
Updated on:
28 Apr 2026 05:13 pm
Published on:
28 Apr 2026 04:46 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
