पंडितपुर के रहने वाले सोनू (16) को उसके घर से उठाकर ले जाने का और पीट-पीटकर उसकी हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 लोग सोनू के घर पहुंचे और उसे उठाकर ले गए...
वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र में एक किशोर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उसके घर पहुंचे और मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर उसे घर से उठाकर ले गए। बताया जा रहा है कि गो-तस्करी के एक मामले में जेल गए एक शख्स ने शक जताया था कि किशोर ने उसके खिलाफ पुलिस से मुखबिरी की थी, जिसके बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
पंडितपुर के रहने वाले सोनू (16) को उसके घर से उठाकर ले जाने का और पीट-पीटकर उसकी हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 लोग सोनू के घर पहुंचे और उसे उठाकर ले गए। इस दौरान रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी किशोर को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात घमहापुर का रहने वाला बबलू पटेल अपने 8-10 साथियों के साथ घर पहुंचा था और उसने सोनू पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया। परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने भदवर चौकी ले जाने की बात कह कर घर से उठा ले गए। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें 8-10 लोग मिलकर सोनू को बाइक पर बैठाकर ले जाते दिख रहे हैं।
सोनू की मां शहाना ने आरोप लगाया है कि इस दौरान वह आरोपियों के पीछे पीछे आने लगी तो आरोपियों ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। शहाना ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की लोहे के रॉड से पिटाई की गई और गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे भदवर चौकी पर ले जाया गया। उन्होंने आरोप लगाया की हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जबकि आरोपी वहीं खड़े थे और वारदात के बाद में भाग निकले।
अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यदि पुलिस समय से सोनू का अस्पताल पहुंचा देती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। इसके साथ ही आरोपी भी मौके से फरार हो गए, कहीं ना कहीं पुलिस भी आरोपियों से मिली हुई थी।
परिजनों ने बताया कि बबलू पटेल पहले गो-तस्करी के एक मामले में जेल गया था और उसे शक था कि सोनू ने ही उसकी मुखबिरी की थी। इसको लेकर वह सोनू से नाराज था। परिजनों के मुताबिक, सोनू ने किसी भी तरह की कोई मुखबिरी नहीं की थी, केवल मुखबिरी के शक में उसकी हत्या की गई है।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इस दौरान पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला। थाना अध्यक्ष राजू सिंह ने बताया है कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और बबलू पटेल और कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया है। जल्दी सभी आरोपी पुलिस की ग्रुप में होंगे।