यूपी कॉलेज में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुए छात्र की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वर्चस्व को लेकर मनजीत सिंह ने सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी...
वाराणसी: यूपी कॉलेज में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुए छात्र की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वर्चस्व को लेकर मनजीत सिंह ने सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, आरोपी अपने नाम के साथ माफिया लिखता है और सोशल मीडिया पर 1818 नाम से एक गैंग चलाता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मनजीत ने हत्या की वारदात के बाद छत से कूद कर भागने की कोशिश की इस दौरान उसका एक पैर टूट गया। वह लिफ्ट लेकर भोजुबीर तिराहा पहुंचा और वहां से शहर छोड़ कर भागने की तैयारी में था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मनजीत के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगालने पर पता चला कि वह अपने नाम के साथ माफिया शब्द का इस्तेमाल करता है और बदमाशी वाला स्टेटस लगाता है। इससे साफ पता चलता है कि वह क्रिमिनल वाले मानसिकता का व्यक्ति है। वहीं, मृतक सूर्य प्रताप सिंह पढ़ाई में ज्यादा रुचि रखता था, जिसकी मनजीत ने गोली मारकर हत्या कर दी।
दिनदहाड़े कॉलेज परिसर में हुई हत्या की इस वारदात के बाद विपक्ष भी सरकार पर हावी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि प्रतिष्ठित उदय प्रताप कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या, प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि महादेव की नगरी में अब शिक्षण संस्थान भी सुरक्षित नहीं है।
वहीं, समाजवादी पार्टी ने भी सोशल मीडिया पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। समाजवादी पार्टी के X अकाउंट से ट्वीट किया गया है, जिसमें लिखा है कि मुख्यमंत्री बिष्ट और सरकार प्रदेश की कानून व्यवस्था संभालने में असफल हो चुकी है, अपराधी बेखौफ हैं। इसके साथ ही लिखा है कि प्रदेश को जुर्म की खाई से निकलना है तो भाजपा को हराना है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछा है। कांग्रेस ने कहा कि काशी का युवा खून से लथपथ, मोदी जी क्या यही है आपकी विकास पथ? 2026 में भी क्या प्रदेश की जनता को वही जंगल राज देखना था, जिसे खत्म करने के दावे 2014 से किया जा रहे हैं? क्लासरूम के बाहर खून से लथपथ पड़ा छात्र और कैंपस में फैला आतंक चीख कर पूछता है कि क्या सत्ता का प्राथमिकता केवल चुनाव जीतना ही है, या युवाओं की जान की भी कोई कीमत है?
दरअसल, शुक्रवार को कॉलेज परिसर में छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के पिता ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके बेटे सूर्य प्रताप का मनजीत से विवाद हुआ था। इसी को लेकर प्राचार्य ने दोनों को कॉलेज बुलाया था। इसी दौरान प्राचार्य के सामने ही सूर्य प्रताप की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया और छात्रों ने कालेज परिसर में तोड़फोड़ की। इसके साथ ही कई प्रोफेसर को भी चोटे लगी हैं और गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस के पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस की निगरानी में मृतक छात्र के शव को उसके घर पहुंचाया गया इसके साथ ही कैंपस भी छावनी में तब्दील किया गया है।