वाराणसी

BHU में छात्रों का उत्पात, सुरक्षाकार्मियों पर पत्थरबाजी, कई चोटिल

BHU में छात्रों ने उपद्रव और पत्थरबाजी की है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और छात्रों से शांत रहने के अपील की। इस दौरान छात्रों द्वारा की गई पत्थरबाजी में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कई सुरक्षा कर्मी घायल हुए हैं...

2 min read
Apr 19, 2026
छात्रों को समझाते पुलिसकर्मी

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शनिवार की देर रात छात्रों ने जमकर उपद्रव किया और पत्थरबाजी की है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और छात्रों से शांत रहने के अपील की। इस दौरान छात्रों द्वारा की गई पत्थरबाजी में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कई सुरक्षा कर्मी चोटिल हुए हैं। वहीं, सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को संभाल लिया है।

पहले पानी के लिए शुरू किया प्रदर्शन

जानकारी के मुताबिक, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के बिरला-अ छात्रावास के छात्रों ने वाटर कूलर और पानी की समस्या को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझा बुझाकार हॉस्टल के अंदर भेज दिया। इस दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षा कर्मियों ने छात्रों के पीने के लिए पानी की व्यवस्था कराई और आश्वासन दिया कि रविवार को यह समस्या दूर कर दी जाएगी। इसके बाद छात्र शांत हो गए।

दोबारा केक काटने निकले छात्र

बताया जा रहा है कि उसके बाद कुछ छात्र हॉस्टल से बाहर निकले और सड़क पर जन्मदिन का केक काटने लगे। छात्रों को केक कटता देख वहां तैनात प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें मना किया और हॉस्टल में भेज दिया, जिसके बाद छात्र आक्रोशित हो गए।

हॉस्टल में जाने के बाद छात्र एक बार फिर सड़कों पर निकल आए और प्रदर्शन करना शुरू किया। इस दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों से उनकी झड़प हो गई। झड़प के बाद अन्य छात्र भी हॉस्टल से बाहर आए और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षा कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव की घटना में कई सुरक्षा कर्मी चोटिल हो गए। इसी बीच सुरक्षा कर्मियों ने लंका थाने को मामले की जानकारी दी।

पुलिस के समझाने पर शांत हुए छात्र

जानकारी मिलने के बाद लंका थाने की फोर्स और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने हालात को संभाला और छात्रों को वहां से खदेड़ दिया। छात्रों की मांग है कि छात्रावास परिसर में वाटर कूलर की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही कैंपस में जिन स्थानों पर अंधेरा है वहां पर लाइट लगाई जाए। वहीं छात्रों ने कहा है कि छात्रावास में कीटनाशक का छिड़काव कराया जाए और खेल ग्राउंड को भी व्यवस्थित किया जाए। छात्रों की मांगों को ध्यान में रखते हुए एसीपी गौरव कुमार ने सारी व्यवस्थाएं दिलाने का भरोसा दिया, जिसके बाद छात्र शांत हुए और वापस हॉस्टल में चले गए। एसीपी ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Published on:
19 Apr 2026 07:44 am
Also Read
View All