वाराणसी एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया। जब हैदराबाद से आ रही इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना मिली। 230 यात्रियों से भरे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट खाली कराया गया। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर रहीं।
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया। जब हैदराबाद से आ रही एक यात्री विमान में बम होने की आशंका सामने आई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। पूरे एयरपोर्ट पर आपात व्यवस्था लागू कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-719 हैदराबाद से वाराणसी के लिए उड़ान पर थी। विमान में करीब 230 यात्री सवार थे। फ्लाइट की लैंडिंग का समय शाम करीब 5 बजकर 56 मिनट निर्धारित था। इसी दौरान विमान के क्रू मेंबर को वॉशरूम में एक संदिग्ध कागज मिला। जिस पर बम से जुड़ी बात लिखी हुई थी।
इस सूचना के तुरंत बाद विमान से वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट भेजा गया। एटीसी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया। एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग की तैयारी शुरू कर दी गई। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन को खाली कराया गया। यात्रियों को डिपार्चर और अराइवल एरिया से बाहर निकाल दिया गया। ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके। मौके पर एटीएस, एसटीएफ, इंटेलिजेंस ब्यूरो और स्थानीय पुलिस की टीमें पहुंच गईं।
साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कई एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी एयरपोर्ट पर तैनात कर दी गईं। सुरक्षा बलों ने विमान और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच शुरू की। पूरे घटनाक्रम के दौरान यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।