
करतब दिखाती सारंग टीम, (Pc-IANS)
Air Show Varanasi: वाराणसी में एयरफोर्स द्वारा प्रस्तावित एयर शो के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए हैं। कड़ी धूप होने के बावजूद भी लोगों के उत्साह में कमी देखने को नहीं मिल रही। आलम यह है कि गंगा के उस पर भी लोग बैठकर इस शो का आनंद ले रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर इस एयर शो में शामिल सारंग टीम के हेलीकॉप्टर छाए हुए हैं और लोग जमकर उस दृश्य को रील के रूप में बदल रहे हैं। तीन दिवसीय इस एयर शो के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होने वाले हैं। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वीवीआईपी भी शामिल होंगे।
वाराणसी में भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर एयर शो का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी थीम 'विंग्स ओवर गेंजेज' है। 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस एयर शो को देखने के लिए सिर्फ वाराणसी ही नहीं बल्कि आसपास के कई जनपदों से लोग पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि भीड़ को ध्यान में रखते हुए शहर में कई स्थानों पर रूट डायवर्जन किया गया है। वहीं, इस एयर शो में सबसे खास सारंग हेलीकॉप्टर टीम का प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर सारंग हेलीकॉप्टर से संबंधित कई रील और पोस्ट शेयर किया जा चुके हैं।
इस सारंग टीम में शामिल स्क्वाडण लीडर अंकिता सिंह ने पत्रिका से बातचीत के दौरान बताया कि इस एयर शो की तैयारी के लिए महीनों से अभ्यास किया जा रहा है। सभी पायलेट्स और क्रू मेंबर एक दूसरे के साथ तालमेल बिठाते हुए इस आयोजन को सफल बनाने में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में एक टीम की तरह फॉर्मेशन करना अपने आप में एक कठिनाई का विषय है। उन्होंने बताया कि सारंग हेलीकॉप्टर किस तरह से करतब दिखा रहा है उसके पीछे कई महीनो नहीं बल्कि कई सालों की ट्रेनिंग का एक बड़ा हाथ है। अंकिता के मुताबिक, इस शो में शामिल 5 हेलीकाप्टर में से 2 में पायलट्स और क्रू मेंबर्स महिलाएं ही हैं, जिनकी जमकर तारीफ हो रही है।
अंकिता ने बताया कि हेलीकॉप्टर में बैठने से पहले इसकी तैयारी ग्राउंड पर की जाती है। एक रणनीति तैयार होती है, उसके बारे में ब्रीफिंग दी जाती है और प्रेक्टिस करने के बाद लोगों के समक्ष इसकी प्रस्तुति दी जाती है। उन्होंने बताया कि एलएच ध्रुव हेलीकॉप्टर को उनकी टीम उड़ती है और ट्रेनिंग के दौरान कड़ी मेहनत होती है और यह ट्रेनिंग एक बार नहीं बल्कि हमेशा चलती रहती है। उन्होंने बताया कि जब भी देश को पायलेट्स की और हेलीकॉप्टर की जरूरत होती है, उस दौरान वह देश की सेवा में लग जाते हैं। इन हेलीकॉप्टर के माध्यम से ट्रूप्स को एक जगह से दूसरी जगह लेकर जाया जाता है, आपदा के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में भी यह अहम रोल निभाता है।
अंकिता ने बताया कि आज के समय में वायुसेना में महिलाओं का लगाव काफी ज्यादा देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आज के समय में हर ब्रांच और हर फील्ड में महिलाओं की भागीदारी सर्वाधिक देखने को मिल रही है और वे महिलाएं कहीं ज्यादा बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि एविएशन सेक्टर में हार्ड वर्किंग मायने रखता है और इसका महिला या पुरुष से कोई लेना-देना नहीं होता, जो कैपेबल होता है, वह इस सेक्टर में चुनकर आता है। आज के समय में महिलाओं को एयरफोर्स जॉइन करने के कई रास्ते हैं। वे एनडीए के थ्रू आ सकती हैं, इसके साथ ही अग्नि वीर स्कीम के माध्यम से भी महिलाएं एयरफोर्स जॉइन कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस एयर शो के प्रदर्शन से यह कोशिश की जा रही है कि युवाओं का झुकाव एविएशन सेक्टर की तरफ हो और लोग इससे प्रेरित हों।
Updated on:
24 Oct 2026, 11:52 AM IST
Published on:
24 Oct 2026, 11:52 AM IST
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.