
वाराणसी. महानगर उद्योग व्यापार समिति व महानगर युवा उद्योग व्यापार समिति के संयुक्त तत्वावधान में सदस्यों ने शहर को पॉलीथिन मुक्त करने का संकल्प लिया है। शुक्रवार को पंचक्रोशी से चंद्रा चौराहा तक जागरूकता अभियान चलाया गया है । अभियान में कैंट सीओ राकेश नायक ने भी भागीदारी की। इस अवसर पर लोगों को कपड़े का थैला भी वितरित किया गया।
यह भी पढ़े:-बसपा सरकार में ओमप्रकाश राजभर पर पुलिस लाठीचार्ज का वीडियो वायरल, ऐसे किया था सामना
महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा ने कहा कि पॉलीथिन बैग से हमारे पर्यावरण पर बहुत घातक परिणाम पड़ रहा है। समय रहते नहीं चेते तो यह पॉलीथिन बैग परमाणु बम से भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक बैक जमीन, हवा व पानी सभी को प्रदूषित कर रहे हैं। जमीन की उर्वरता नष्ट हो रही है। पानी भी जहरीला होता जा रहा है। प्लास्टिक बैक को जला कर हवा को भी जहरीला किया जा रहा है। ऐसे में सभी को मिल कर धरा को पॉलीथिन मुक्त बनाना है। महामंत्री अशोक जायसवाल ने कहा कि हम लोगों ने पॉलीथिन को अपनी दिनचर्या में शामिल कर लिया है जिसके चलते समस्या जटिल हो गयी है। स्वास्थ्य, भोजन, आवास, चिकित्सा आदि सभी जगहों पर धड़ल्ले से पॉलीथिन का प्रयोग किया जा रहा है जिसे सामाजिक जागरूकता से ही रोका जा सकेगा। युवा प्रभारी रजनीश कन्नौजिया व अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग से लोगों को असाध्य रोग होता जा रहा है। थोड़े से लाभ के लिए प्लास्टिक का अधिक उपयोग हा रहा है लेकिन भविष्य में देखा जायेगा तो यह लाभ नहीं मानव समाज के लिए बहुत बड़ी हानि है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग मिल कर आवास उठाये। पहले संकल्प करे कि पॉलीथिन का उपयोग नहीं करेंगे। इसके बाद दूसरे को इस काम के लिए प्रेरित करे। महानगर युवा महामंत्री राहुल गुप्ता व कोषाध्यक्ष सुजीत गुप्ता ने कहा कि खाने-पीने की चीज भी पॉलीथिन में मिल रही है जो स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो सकती है।बताते चले कि 27 जुलाई को अभियान का 12 वां चरण था और लोगों में जागरूकता लाने के लिए आगे भी अभियान चलता रहेगा। इस अवसर पर मनीष चौबे, मृत्युंजय सोनकर, दीपक जायसवाल, डा.शिव कुमार मौर्य, राजन जायसवाल, दिलीप मौर्य, संतोष वर्मा आदि लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़े:-पूर्वांचल में 43 प्रतिशत कम बारिश, जानिए कब हो सकती झमाझम बरसात