
काशी पहुंचे राजनाथ सिंह और सीएम योगी, (Pc-IANS)
Arial Display Varanasi: वाराणसी में आयोजित एयर शो में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री वाराणसी पहुंच चुके हैं। शनिवार की शाम 4:55 पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सेना के विमान से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकाप्टर से शाम 5:10 पर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में बने हेलीपैड पर पहुंचे। इस दौरान दोनों लोगों का स्थानीय नेताओं और मंत्रियों ने स्वागत किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर में रात्रि विश्राम करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए सर्किट हाउस में समय आरक्षित किया गया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस दौरान संकट मोचन मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे। इसके बाद काल भैरव मंदिर में भी शीश नवाएंगे। 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। एटीएस की तीन टीमों समेत 11,900 पुलिसकर्मी ड्यूटी में तैनात किए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार की दोपहर एक बजे के आसपास नमो घाट पहुंचेंगे और वायुसेना द्वारा किए जाने वाले एयर शो में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह आयोजन तीन दिवसीय है। 22 और 24 अक्टूबर को इसका प्रदर्शन किया जा चुका है, जबकि अंतिम प्रदर्शन रविवार को किया जाएगा और उसी दिन इसका समापन हो जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले काशी पहुंचे योगी आदित्यनाथ इस आयोजन की जमीनी हकीकत को भी देखने शहर में निकलेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक करके सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन और वीवीआईपी मोमेंट की बारीकियों की भी जानकारी लेंगे। इस एयर शो को देखने के लिए सिर्फ काशी ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि यहां पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इस बारे में भी उन्होंने अधिकारियों को पूर्व में ही निर्देशित कर दिया है।
एयर फोर्स के अधिकारियों ने बताया कि 'प्रचंड' थीम के दौरान सुखोई 30, राफेल, जैगुआर, एम-2000, एलसीए और मिग-29 के एक-एक विमान एक साथ हवा में उड़ान भरेंगे। इससे पहले एयर शो के दौरान इस तरह का नजारा कभी भी देखने को नहीं मिला है। यह सिर्फ पहली बार काशी में ही देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि वायु सेना की स्थापना के 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर इस कार्यक्रम में सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी हिस्सा लेंगी। सूर्य किरण टीम अपने विमान के साथ आसमान में शानदार करतब दिखाएंगे, जबकि सारंग टीम हेलीकॉप्टर के जरिए रोमांच का प्रदर्शन करेगी। दोनों टीमों की उड़ान तालमेल और अनुशासन के लिए जानी जाती है। सबसे खास बात यह है कि एयर फोर्स के अलावा थल सेना दो हेलीकॉप्टर और नेवी के भी दो हेलीकाप्टर इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
पीआईबी के मुताबिक, पीएम मोदी वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। यह इकाई भारत के टेक्सटाइल और परिधान निर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने तथा इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक विनिर्माण प्रक्रियाओं पर केंद्रित यह सुविधा रोजगार के सार्थक अवसर पैदा करेगी, विशेष रूप से महिलाओं के लिए और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में योगदान देगी। इसका उद्घाटन औद्योगिक निवेश और विनिर्माण-आधारित विकास के केंद्र के रूप में उत्तर प्रदेश की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है। वाराणसी में बने उत्पाद दुनिया भर के बाजारों तक पहुंचेंगे तक। मुख्य रूप से महिलाओं के नेतृत्व वाली पहल होने के नाते, यह 'महिला-नेतृत्व वाले विकास' का एक सशक्त प्रतीक है।
Updated on:
24 Oct 2026, 5:27 PM IST
Published on:
24 Oct 2026, 5:23 PM IST
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.