
Chhath Puja 2026: पूरे देश में छठ पूजा का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोक आस्था के इस महापर्व की अनोखी छटा वाराणसी में भी देखने को मिली, जब किन्नर समुदाय ने भी छठ पूजा का व्रत रखा और देश के वीर जवानों के लिए दुआ मांगी। वहीं, दूसरी तरफ काशी के सभी 84 घाटों पर आस्था का जनसलब उमड़ पड़ा। इसके साथ ही वरुणा नदी के तट पर भी श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर भगवान भास्कर से वरदान मांगा। रविवार को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अब सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद चार दिवसीय इस कठिन पूजा की समाप्ति हो जाएगी।
वाराणसी में वरुणा नदी के किनारे स्थित शास्त्री घाट पर किन्नर समाज के लोगों ने देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों (सेना) के लिए और उनकी सलामती व लंबी उम्र के लिए छठी मैया से दुआ मांगी। इस दौरान सलमान किन्नर ने बताया कि प्रत्येक साल वह किन्नर समाज की तरफ से इस छठ व्रत को करती हैं। उन्होंने बताया कि जो वीर जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा में लगे हैं, उनकी लंबी उम्र की कामना करते हुए छठी मैया से उनके लिए वरदान मांगा जाता है। उन्होंने बताया कि जवानों के साथ-साथ उनके परिवार व उनके अच्छे स्वास्थ्य की वह खुशहाली के लिए छठी मैया से उन्होंने प्रार्थना की है।
दूसरी तरफ वाराणसी के सभी 84 घाटों पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने रविवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया है। इसके साथ ही सुख समृद्धि की कामना की है। सिर्फ गंगा घाटी नहीं बल्कि वरुणा और छोटे-मोटे तालाबों व कुंड़ों में भी आस्थावानों ने डुबकी लगाकर इस व्रत को रखा। दरअसल, चार दिवसीय छठ पूजा का रविवार को तीसरा दिन है। चौथे दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद इस कठिन पूजा की समाप्ति हो जाती है। इस दौरान डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने और दर्शन करने के लिए महिलाएं करीब 2 घंटे तक पानी में डूबी रही।
दरअसल, छठ पूजा में सूर्य के दोनों दोनों रूपों की पूजा की जाती है। आस्तचलगामी यानि डूबते हुए सूर्य और उदयमान यानी उगते हुए सूर्य की उपासना का यह अनूठा पर्व है। इसमें शुद्धता, संयम और अनुशासन ही लोक आस्था का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि श्रद्धा पूर्वक इस पूजा को करने से छठी मैया प्रसन्न होती हैं और भगवान भास्कर अर्घ्य मिलने के साथ ही संतान को दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य का वरदान देते हैं। वही परिवार में भी सुख समृद्धि बनी रहती है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस पर्व में ना तो कोई पंडित होता और ना ही किसी प्रकार का मंत्र। इसके साथ ही जाती और धर्म का भी इसमें भेदभाव नहीं होता है। श्रद्धालु एक साथ घाटों पर खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य समर्पित करते हैं।