सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से इन मेलों का आयोजन किया गया था। चारों मेलों में बड़ी संख्या में कंपनियों और अभ्यर्थियों की भागीदारी रही। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी पाने का अवसर मिला है। चौथे वृहद रोजगार मेले का आयोजन शनिवार को चोलापुर के आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज में किया गया। मेले का उद्घाटन अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने किया। इस रोजगार मेले में वोडाफोन, आईसीआईसीआई बैंक, डिक्सन, मदरसन, कोटक महिंद्रा बैंक, विकास ग्रुप, ब्लिंकिट, सिपेट, एक्सिस बैंक, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक और फ्लिपकार्ट सहित कुल 43 कंपनियों ने हिस्सा लिया।