13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कुछ पल के लिए गंगा बनी यमुना: बाल कृष्ण ने कालिया का किया मर्दन, काशी में निभाई गई 500 साल पुरानी परंपरा

Varanasi News: काशी में गंगा नदी के किनारे स्थित तुलसी घाट पर शुक्रवार की शाम भक्ति आस्था और अद्भुत लीला का अनोखा संगम देखने को मिला।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

वाराणसी

•

image

Vijendra Mishra

•

Updated: 13 Nov 2026, 5:14 PM IST

Varanasi latest news

500 वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वाह, (Pc-Patrika)

Naag Natthaiya in Kashi: काशी में गंगा नदी के किनारे स्थित तुलसी घाट पर शुक्रवार की शाम भक्ति आस्था और अद्भुत लीला का अनोखा संगम देखने को मिला। इस दौरान कलयुग में द्वापर युग की झलक ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। मौका था नाग नथैया लीला का। माना जाता है कि 5 मिनट की इस लीला के दौरान गंगा नदी यमुना में परिवर्तित हो जाती है और कदम की डाल से बाल स्वरूप भगवान श्री कृष्णा नदी में छलांग लगाकर कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते हुए उसका मर्दन करते हैं। इस ऐतिहासिक क्षण को देखने के लिए स्वयं काशी नरेश नदी में बाजरे पर सवार होकर पहुंचे। करीब 500 साल से यह परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।

16वीं शताब्दी से शुरुआत

नाग नथैया की लीला काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेले में शामिल है और तुलसी घाट पर कुछ मिनट के लिए यह नजारा वृंदावन जैसा हो गया। संकट मोचन मंदिर के महंत प्रोफेसर विशंभर नाथ मिश्रा ने बताया कि इस ऐतिहासिक लीला की शुरुआत 16वीं शताब्दी में गोस्वामी तुलसीदास ने की थी। काशी में रामलीला के साथ ही कृष्ण लीला की भी परंपरा शुरू हुई और घाट पर स्थित अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के तत्वाधान में 500 वर्षों से यह परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।

महाभारत में भी है जिक्र

इस लीला में बाल रूपी भगवान श्री कृष्णा अपने सखा के साथ क्रीडा कर रहे थे। इसी दौरान उनकी गेंद नदी में जा गिरी, जिसके बाद उसे गेंद को निकालने के लिए बाल रूपी कृष्ण ने कदम की डाल से नदी में छलांग लगा दी और कुछ देर बाद कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते हुए प्रकट हुए। यह दृश्य देखते ही हर हर महादेव और जय कन्हैया लाल की जयघोष से पूरा तुलसी घाट गुंजायमान हो उठा। इस दौरान शाही बजरे पर सवार होकर काशी नरेश भी अपने परिवार के साथ पहुंचे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। नाग नथैया का मूल महाभारत में भी वर्णित है।

निषाद समाज की महत्वपूर्ण भूमिका

इस लीला में निषाद समाज भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नजर आया। पीढ़ियों से स्थानीय मल्लाह इस परंपरा को जीवित बनाए हुए हैं। गंगा की तेज धारा के बीच भारी भरकम लकड़ी से बने कालिया नाग की प्रतिमा को मल्लाह समाज के लोग अपने कंधे पर सहारा देकर संभलते नजर आए। प्रोफेसर मिश्रा ने बताया कि इस लीला में भगवान श्री कृष्ण की भूमिका निभाने वाले बालक की चयन प्रक्रिया विशेष प्रकार की होती है। ब्राह्मण परिवार के 8 से 12 वर्ष के तेजस्वी व सात्विक बालक को इसके लिए चुना जाता है और वैदिक मंत्रों के साथ पानी में तैरने और संतुलन बनाए रखने की विशेष ट्रेनिंग भी दी जाती है।

क्या है उद्देश्य

जब भगवान कृष्ण एक किशोर थे, वह यमुना नदी में अपनी गेंद को खो देते हैं और इसी नदी में एक विषैला नाग कालिया रहता था और उसके विष का इतना प्रभाव था की नदी का पूरा जल ही उसके विष से काला प्रतीत होता था। गेंद वापस लाने के लिए बाल कृष्णा नदी में कूद पड़ते हैं। जिस नाग के विष से पूरा गांव भयभीत था, उसी नाग के अहंकार को नष्ट करके भगवान कृष्ण दिव्य रूप में सबके सामने प्रकट होते हैं। इस लीला का उद्देश्य मात्र यह है कि गंगा को कालिया नाग रूपी प्रदूषण से मुक्त करना है। जैसे कालियानाग के प्रदूषण से यमुना का जल जहरीला हो गया था और भगवान श्री कृष्ण ने प्रदूषण को दूर करने के लिए नाग नथैया लीला रची थी। ठीक उसी प्रकार गंगा को प्रदूषण से मुक्त करने लिए लोगो को जागृत करना है।