वाराणसी

‘सवा लाख के साड़ी भीजे’ एक ऐसा पर्व जिसमें धन पर भारी पड़ती है आस्था, जानें काशी की महिलाओं की श्रद्धा

Varanasi News: लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो चुकी है और इस महापर्व में अलग-अलग परंपरा का निर्वाहन किया जाता है। उन्ही परंपराओं में से एक है कोसी भरने की परंपरा, जिसका इंतजार छठ व्रती पूरे साल करते हैं।
3 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 3:09 PM IST
Varanasi latest news
महंगी साड़ियों का क्रेज, (Pc-Patrika)

Chhath Puja News: लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो चुकी है और इस महापर्व में अलग-अलग परंपरा का निर्वाहन किया जाता है। उन्ही परंपराओं में से एक है कोसी भरने की परंपरा, जिसका इंतजार छठ व्रती पूरे साल करते हैं। इस परंपरा का सूनी गोद भरने की मन्नत या किसी विशेष मन्नत के बाद निर्वाह किया जाता है। इस परंपरा को लेकर भोजपुरी में एक छठ गीत भी है '…कोसी भरे चले ली गउरा देवी…साड़ी मोर नहीं भीजे'।यह परंपरा और गीत उन लाखों छठी व्रतियों की उम्मीद और इस पर्व पर अटूट विश्वास की कहानी है। यह एक ऐसी परंपरा है, जिसमें धन पर आस्था भारी पड़ती नजर आती है।

तीसरे दिन होती है विशेष पूजा

कोसी भरने की यह परंपरा छठ पूजा के तीसरे दिन यानी संध्या को अर्घ्य देने के समय पर निभाई जाती है। महिला और उसका परिवार विधि विधान से कोसी भरने की परंपरा में घाट पर एक मंडप तैयार करता है, जिसके नीचे दीप जलाए जाते हैं और फल रखा जाता है। मान्यता है कि यदि कोई छठी मैया से मन्नत मांगता है और वह मन्नत पूरी हो जाती है, तो वह व्यक्ति कोसी भरता है। कोसी भरने की इस परंपरा की में महिलाएं लाखों के गहने पहन कर और वस्त्र धारण करके गंगा नदी में स्नान करती है और भगवान भास्कर को अर्घ्य देती हैं।

व्रती महिलाएं संध्या को अर्घ देने के साथ ही पूरी रात कोसी के समीप बैठी रहती हैं और उसे अगोरती हैं व छठ के गीत भी गाती हैं। वहीं, अगली सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ कोसी को गंगा जी में प्रवाहित कर दिया जाता है। यह एक धार्मिक आस्था है जो भारतीय परिवारों की एकजुटता का प्रतीक माना जाता है। इस पूजा में शामिल होने के लिए परिवार के बड़े से लेकर बुजुर्ग और बच्चे तक शामिल होते हैं और इस परंपरा का निर्वाह करते हैं।

क्या बोली व्रती महिलाएं

छठ व्रती सुमन और अर्चना जायसवाल ने बताया कि आमतौर पर महिलाएं अपने कपड़ों और गहनों को लेकर बहुत ही सजग होती हैं और उसे खराब होने का डर बना रहता है, लेकिन छठ व्रत और कोसी भरने के दौरान महिलाएं 16 श्रृंगार करके गहने पहन कर और महंगी साड़ियां पहनकर इस व्रत को करती हैं। उन्होंने बताया कि आस्था इतनी प्रबल होती है, जो धन को किनारे करके दो-दो घंटे तक महिलाओं को नदी में खड़ा होने पर विवश कर देती है। उन्होंने बताया कि व्रत के दौरान यह ध्यान नहीं रहता है कि वह महंगी साड़ी कितने की है या जो गहने तन पर पहने हुए हैं, वह कितने के हैं। उसे समय ख्याल रहता है तो सिर्फ व्रत का और छठी मैया का। उन्होंने बताया कि आमतौर पर वह साड़ी उस दिन के बाद संभवतः पहनने लायक भी नहीं बचती, लेकिन उन महिलाओं को इसका ख्याल नहीं रहता कि साड़ी खराब हो रही है।

साड़ियों पर डिस्काउंट

साड़ी कारोबारी उमेश कुशवाहा ने बताया कि छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में महिलाएं महंगी साड़ियों की डिमांड करती हैं। ऐसे में सिल्क से बनी बनारसी साड़ी महिलाओं की पहली पसंद होती है। उन्होंने बताया कि करीब 200 कारीगर उनके पास मौजूद हैं और वह साड़ी कई महीने पहले से ही बनाने का कार्य शुरू कर देते हैं। उमेश कुशवाहा के मुताबिक, महिलाएं एक लाख से दो और तीन लाख तक की साड़ियां पसंद करती हैं। उन्होंने बताया कि इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए और छठी मैया में श्रद्धा के चलते वह महिलाओं को हर संभव डिस्काउंट भी देते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ महिलाएं ढाई लाख रुपए तक की साड़ी खरीद कर जा चुकी है।

उमेश कुशवाहा ने बताया कि लोक आस्था का महापर्व छठ एक ऐसा पर्व है जिसमें ना तो कोई पंडित होता है और ना ही किसी प्रकार का मंत्र, बस छठ के गीत होते हैं और महिला व पुरुष मिलकर इस त्यौहार को मानते हैं। उन्होंने बताया कि आस्था ऐसी है कि वह खुद भी इसमें अपना भरपूर योगदान देते हैं। उन्होंने बताया कि यह उनका सौभाग्य है कि उनके कारखाने में बनी हुई साड़ियां पहनकर महिलाएं इस व्रत को करती हैं और कोसी भरती हैं। इसीलिए को ध्यान में रखते हुए उनकी तरफ से महिलाओं को डिस्काउंट दिया जाता है और वह मानते हैं कि इससे व्रत में उनका एक छोटा सा योगदान उनके लिए पुण्य का भागी बनता है।

Updated on:
14 Nov 2026, 3:09 PM IST
Published on: