वाराणसी

‘बच्चों की परीक्षा लेकिन छठ भी जरुरी’, महाराष्ट्र से अकेले बिहार जा रही मां की आस्था, वाराणसी रेल प्रशासन की व्यवस्था को सराहा

Varanasi News: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में बस कुछ ही दिन शेष है। ऐसे में पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले लोग महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और देश के अलग-अलग स्थानों से अपने पैतृक निवास पहुंच रहे हैं...
3 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 2:48 PM IST
Varanasi latest news
वाराणसी रेलवे स्टेशन, (Pc-Patrika)

Chhath Puja News: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में बस कुछ ही दिन शेष है। ऐसे में पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले लोग महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और देश के अलग-अलग स्थानों से अपने पैतृक निवास पहुंच रहे हैं। हालांकि, आलम यह है कि ट्रेनों में लोगों की भारी भीड़ है। रिजर्वेशन ना मिलने के बाद भी जनरल कोच में किसी तरह चढ़कर लोग अपने प्रदेश लौट रहे हैं। महाराष्ट्र से लौटने वाली एक मां ने बताया कि उनके बच्चों की परीक्षा है, इसलिए वह अकेले ही ट्रेन में सफर करके बिहार जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आस्था इतनी है कि वह बिना छठ व्रत किए रह नहीं सकती। इसीलिए बच्चों को उनके पिता के भरोसे छोड़कर वह बिहार लौट रही हैं।

क्या बोली महिलाएं

महाराष्ट्र के वलसाड रेलवे स्टेशन से बिहार के पटना रेलवे स्टेशन जा रही अनामिका राज ने बताया कि उनके पति वलसाड में नौकरी करते हैं और उनके बच्चे वहीं रहकर पढ़ाई करते हैं, लेकिन छठ का त्यौहार है, ऐसे में उन्हें इस त्यौहार को मनाने के लिए वापस उनके पैतृक स्थान लौटना पड़ रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके बच्चों की परीक्षा है, इसलिए बच्चों को पति के भरोसे छोड़कर वह बिहार लौट रही है। उन्होंने बताया कि छठी मैया में उनकी गहरी आस्था है और यही आस्था उन्हें महाराष्ट्र से खींचकर बिहार लेकर जा रही है। अनामिका ने बताया कि छठ पूजा केवल एक त्यौहार नहीं है बल्कि इमोशन है और यही इमोशन उन्हें इतनी दूर से खींच लाया है। अनामिका के मुताबिक, यह इमोशन ही है जो उन्हें बच्चे और पति को छोड़कर वापस बिहार खींच लाया है।

सिकंदराबाद दानापुर एक्सप्रेस में सवार रिंकू देवी ने बताया कि छठ पूजा के लिए वह बिहार के बक्सर जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बक्सर में ही उनकी ससुराल है, जबकि उनके पति वाराणसी में रहकर नौकरी करते हैं। पति तो काम की वजह से छठ पूजा में नहीं जा सकते, लेकिन वह लौट कर अपने ससुराल जा रही है और छठी मैया का व्रत रखेंगी। रिंकू देवी ने बताया कि आलम यह है कि उन्हें ट्रेन में चढ़ने की जगह तक नहीं मिली, हालांकि किसी तरह उन्होंने जगह बनाई और स्थान पाया। रिंकू देवी के मुताबिक, वह अक्सर बनारस से बक्सर जनशताब्दी एक्सप्रेस से जाती हैं, लेकिन पिछले 15 दिनों से उन्हें टिकट नहीं मिल रही थी, जिसके कारण अब वह सिकंदराबाद दानापुर एक्सप्रेस में सफर कर रही हैं।

7 स्पेशल ट्रेनों का संचालन

वाराणसी रेलवे स्टेशन के स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि वाराणसी से सात स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है जो नियमित रूप से 30 नवंबर तक चलाई जाएंगी।इसके अलावा 30 से 35 नियमित ट्रेनें हैं, जिनका संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्टेशन से लगातार छठ पूजा के गीत बजाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभूति का एहसास हो सके। 182 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा आरपीएफ की टीम अपने स्तर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को जागरुक कर रही है।

स्वागत में लगे पोस्टर

उन्होंने बताया कि छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर स्वागत के पोस्टर भी लगाए गए हैं। डिजिटल रूप से लगाए गए एलईडी स्क्रीन पर इसका प्रसारण किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही आरपीएफ और जीआरपी के स्टाफ में भी बढ़ोतरी की गई है। जिला प्रशासन की मदद से एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी रेलवे स्टेशन परिसर में तैनात किया गया है। इसके साथ ही मेडिकल टीम भी 24 घंटे कार्यरत है और यात्रियों के ठहरने के लिए होल्डिंग एरिया और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।

Updated on:
10 Nov 2026, 2:48 PM IST
Published on:
Also Read
View All